मशहूर पंजाबी गायक खान साब की मां सलमा परवीन का चंडीगढ़ के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया।आज (शनिवार) उनका अंतिम संस्कार कपूरथला जिले के पैतृक गांव भंगाल दोना में किया जाएगा। पंजाबी इंडस्ट्री के कई कलाकारों के उनके घर पहुंचने की संभावना है।
अपना शो रद्द कर पंजाब लौट आए खान साब
वह लंबे समय से बीमार थीं और डॉक्टरों की देखरेख में उनका उपचार जारी था, लेकिन लगातार इलाज के बावजूद उनकी हालत में सुधार नहीं हो सका और शुक्रवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। निधन की खबर मिलते ही खान साब ने कनाडा के सरी में होने वाला अपना शो रद्द कर दिया और तुरंत पंजाब लौट आए। शुक्रवार देर रात वह दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे और सीधे अपने पैतृक गांव आ गए।
कपूरथला में जन्मे खान साहब
कपूरथला में जन्मे खान साहब का असली नाम इमरान खान है। पंजाबी गायक गैरी संधू ने एल्बम के दौरान उनका नाम बदलकर "खान साहब" रखा था। अपने सूफियाना अंदाज और हिट गानों के चलते उन्होंने देश और विदेश में एक खास पहचान बनाई है।