खबरिस्तान नेटवर्क। पंजाब में बारिश के बाद मौसम ने करवट ले ली है। आज भी सुबह से ही कई जिलों में बादल छाए हुए हैं। वहीं मौसम विभाग ने आज भी तूफान और बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पंजाब के कई जिलों में रविवार को बारिश भी देखने को मिली। जिसके बाद लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
बारिश के बाद तापमान में गिरावट
बारिश के कारण औसत तापमान में 3.1 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। साथ ही राज्य में सबसे अधिक तापमान बठिंडा में 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बता दें कि मौसम में यह बदलाव सक्रिय वेस्टर्न डिस्टर्बन्स के कारण देखा जा रहा है। रविवार को दिनभर कई जिलों में बादल छाए रहे। जिसके बाद अमृतसर में तापमान 32.9°C, लुधियाना में 32.3°C, पटियाला में 36.4°C, फरीदकोट में 32.2°C, होशियारपुर में 35.7°C, नूरमहल (जालंधर) में 35.6°C और मोहाली में 35.4°C दर्ज किया गया।
40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे
रविवार को पंजाब के कई जिलों में बारिश हुई। रूपनगर में 16 मिमी, अमृतसर में 5.0 मिमी, लुधियाना में 1.0 मिमी और पठानकोट में 4.0 मिमी बारिश दर्ज की गई। भारत मौसम विज्ञान विभाग, चंडीगढ़ जारी चेतावनी के अनुसार अगले कुछ दिनों के दौरान पंजाब के कई जिलों में आंधी-तूफान, बिजली गिरने और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
5 मई को हिमाचल प्रदेश की सीमा से सटे पंजाब के जिलों जैसे पठानकोट, होशियारपुर, रूपनगर, मोहाली, संगरूर और मानसा में बारिश और आंधी के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जबकि अन्य सभी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही 8 मई तक कई जिलों में बारिश और तूफान का येलो अलर्ट जारी रहेगा।