लुधियाना में एक पिटबुल कुत्ते ने रस्सा तोड़ कर रेहड़ा गाड़ी के घोड़े पर हमला कर दिया। जिसके बाद करीब 10 मिनट तक घोड़े को कुत्ते ने अपने जबड़े में दबाए रखा। हालांकि लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद घोड़े को छुड़ाया। वहीं इसके बाद कुत्ते ने एक महिला पर हमला कर दिया।
लोगों ने इधर-उधर भाग कर बचाई जान
लोगों ने बताया सूफिया चौक के पास पिटबुल कुत्ते का मालिक उसे घूमा रहा था। लेकिन अचानक पिटबुल कुत्ता रस्सा तोड़कर बेकाबू हो गया। जिसके बाद लोगों ने इधर-उधर भाग कर अपनी जान बचाई। वहीं घटनास्थल पर मौजूद राम दुलार ने बताया कि यह कुत्ता पिछले 2 दिन पहले भी इलाके में घूम रहा था।
घोड़े पर दांतों के निशान
वहीं इस मामले में पुलिस ने कहा कि यह कुत्ता कालड़ा इंडस्ट्री का है। घोड़े पर दांतों के निशान है। उसका उपचार करवाया जा रहा है और इस मामले में बनती कार्रवाई की जाएगी।
कुत्तों ने खा लिया आधा मुंह
वहीं इस से कुछ दिन पहले मोहाली के खरड़ में घर की सफाई करने आई महिला पर 2 पिटबुल कुत्तों ने अचानक हमला कर दिया था। कुत्तों ने पीड़िता राखी का आधा मुंह खा लिया, इसके अलावा उसकी गर्दन, पेट, हाथ और दोनों पैरों पर भी काटने के काफी घाव थे।