पंजाब में तापमान लगातार बढ़ रहा है। राज्य में अधिकतम तापमान में औसतन 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है, हालांकि मौसम विभाग इसे सामान्य श्रेणी में मान रहा है। पंजाब में सबसे अधिक तापमान गुरदासपुर में 33.5°C दर्ज किया गया, जो राज्य के अन्य भागों की तुलना में सबसे अधिक था।
3 दिन में 5 से 7 डिग्री बढ़ेगा पारा
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार तापमान में वृद्धि जारी रहेगी। 2 अप्रैल तक दिन का अधिकतम तापमान 5 से 7 डिग्री तक बढ़ सकता है, जिससे यह सामान्य से भी अधिक हो जाएगा और लोगों की मुश्किलें बढ़ जाएंगी। इसके साथ ही राज्य में बारिश की कोई संभावना नहीं है, जिससे तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। आने वाले दिनों में धूप तेज रहेगी और दोपहर में भीषण गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है। साथ ही अगले एक सप्ताह तक कोई पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय नहीं है, जिसके कारण मौसम में ठंडक आने की उम्मीद नहीं है।
वहीं बढ़ती गर्मी के बीच जल संकट भी चिंता का विषय बनता जा रहा है। केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) के अनुसार, पंजाब और हिमाचल प्रदेश के प्रमुख जलाशयों में जल स्तर सामान्य स्तर से काफी नीचे चला गया है।