ख़बरिस्तान नेटवर्क : उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में एक दुखद घटना सामने आई है। शनिवार देर रात एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार पिकअप ट्रक ने एंबुलेंस को टक्कर मार दी। हादसे में एंबुलेंस सवार पांच लोगों की मौत हो गई। जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। ये लोग शव को लखनऊ से बिहार ले जा रहे थे। एंबुलेंस में मृतक के परिजन सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एंबुलेंस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में 5 लोगों की मौत
एंबुलेंस चालक और उसके बगल में बैठा व्यक्ति बुरी तरह फंस गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार माना जा रहा है। मरने वाले पांच लोगों में से तीन बिहार के हैं। एंबुलेंस से जुड़े दो लोग हरियाणा के रहने वाले हैं।
एम्बुलेंस के परखच्चे उड़े
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एम्बुलेंस के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में राजकुमार, रवि, फुलो, आबिद और सरफराज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शंभू राय गंभीर रूप से घायल हो गए।