चंडीगढ़ में कांग्रेस के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के मंत्री अमन अरोड़ा और वित्त मंत्री हरपाल चीमा के खिलाफ मॉर्फ्ड और एडिटेड वीडियो शेयर करने के आरोप में एफआईआर दर्ज कारवाई है। प्रताप बाजवा ने यह एफआईआर चंडीगढ़ सेक्टर 3 पुलिस स्टेशन में दर्ज करवाई है, जिसके बाद पुलिस ने बीएनएस की धारा 336 (4), 356 और 61 (2) के तहत मामला दर्ज किया है।

बाजवा का आरोप है कि उक्त नेताओं ने उनके बयान को एडिट कर अपने सोशल मीडिया एकाउंट पर डाला, जो गलत संदेश देने वाला था। उनका कहना है कि आप नेताओं ने उनका वीडियो एडिट करके यह संदेश देने का प्रयास किया कि जैसे उन्होंने अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया का बचाव किया है।

25 जून को किया गया था अरेस्ट
वहीं बता दे कि बिक्रम मजीठिया के घर 25 जून को सुबह-सुबह विजिलेंस अधिकारियों ने रेड की थी। विजिलेंस के 30 अधिकारी मजीठिया के घर रेड करने पहुंचे थे। इस दौरान मजीठिया की पत्नी गनीव कौर ने विजिलेंस अधिकारियों पर धक्का मारने के आरोप भी लगाए थे। दोपहर सवा 12 बजे मजीठिया को उनके घर से गिरफ्तार किया गया। जिसके बाद कोर्ट में पेश करने के बाद उन्हें 7 दिन की रिमांड पर भेज दिया गया था।
FIR में 540 करोड़ रुपए की संपत्ति का जिक्र
मजीठिया पर 25 जून तड़के सुबह 4 बजे केस दर्ज किया गया था FIR के मुताबिक मजीठिया के पास 540 करोड़ रुपए से ज्यादा की संपत्ति जो उनकी घोषित आय से कहीं ज्यादा है। वहीं मनी लॉड्रिंग के लिए शेल कंपनियों का इस्तेमाल, संदिग्ध विदेशी लेनदेन को लेकर केस दर्ज किया गया है। वहीं विजिलेंस की टीम ने बिक्रम मजीठिया के घर से 29 मोबाइल फोन, 4 लैपटॉप, 2 आईपैड, 8 डायरियां और अन्य डॉक्यूमेंट्स बरामद किए गए हैं।माना जा रहा है कि विजिलेंस कुछ और दिन की रिमांड मांग सकती है। मजीठिया 26 जून से विजिलेंस की हिरासत में हैं।