पंजाब में अगले 5 दिनों तक शीतलहर जारी रहेगी। इतना ही नहीं, इन 5 दिनों में पंजाब-चंडीगढ़ का तापमान 2 से 3 डिग्री तक गिर जाएगा। बारिश को लेकर अभी तक कोई अलर्ट या जानकारी साझा नहीं की गई है। जिसके बाद मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक, पंजाब के पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, फरीदकोट और रूपनगर में शीतलहर को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। पंजाब के ज्यादातर जिलों में तापमान 5 डिग्री के आसपास दर्ज किया जा रहा है।
पंजाब के शहरों में आज का तापमान
अमृतसर में सुबह के समय हल्का कोहरा देखने को मिलेगा। तापमान 4 से 20 डिग्री के बीच हो सकता है। जालंधर में शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। तापमान 3 से 20 डिग्री के बीच हो सकता है। लुधियाना में सुबह के समय हल्का कोहरा देखने को मिलेगा। तापमान 5 से 21 डिग्री के बीच रह सकता है। पटियाला में सुबह के समय हल्का कोहरा देखने को मिलेगा। तापमान 5 से 23 डिग्री के बीच रह सकता है।
हिमाचल के 5 जिलों में शीतलहर का अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में 5 दिनों से चल रही शीतलहर के बीच ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 23 और 24 दिसंबर को लाहौल स्पीति, चंबा और कुल्लू की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी हो सकती है। इस दौरान अन्य इलाकों में मौसम साफ रहेगा। वहीं, मौसम विभाग ने 23 दिसंबर तक 5 जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा और मंडी में शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि कांगड़ा जिले में शीतलहर को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।