SAD-BJP गठबंधन पर कांग्रेस ने उठाए सवाल, परगट सिंह बोले- दोनों को लगेगा बड़ा झटका

पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी के बीच हुए गठबंधन को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। दोनों पार्टियों के दोबारा साथ आने पर कांग्रेस के पंजाब प्रधान परगट सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।

ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी के बीच हुए गठबंधन को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। दोनों पार्टियों के दोबारा साथ आने पर कांग्रेस के पंजाब प्रधान परगट सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने अकाली दल और भाजपा को गठबंधन के लिए शुभकामनाएं तो दीं, लेकिन साथ ही दोनों दलों की राजनीति पर सवाल भी खड़े किए। उन्होंने कहा कि गठबंधन होने से पंजाब के असली मुद्दे खत्म नहीं हो जाएंगे।

परगट सिंह बोले- पंजाब के मुद्दे आज भी जस के तस
परगट सिंह ने कहा कि अकाली दल और भाजपा के बीच गठबंधन हो गया है, लेकिन पंजाब की समस्याएं आज भी वहीं खड़ी हैं, जहां पहले थीं। उन्होंने कहा कि किसानों की स्थिति, राज्य के मौजूदा हालात और बादल परिवार की भूमिका पर भी चर्चा होनी चाहिए। ऐसी अतार्किक और दिशाहीन राजनीति को पूरी तरह खारिज करते हैं। जो लोग पंजाब के मौजूदा हालात और किसानों के मुद्दों का समाधान नहीं कर सके, वे अब राज्य के कल्याण की बात कैसे कर सकते हैं?

भाजपा पर संस्थाओं को कमजोर करने का लगाया आरोप
कांग्रेस नेता ने भाजपा पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा पिछले 13 सालों से सत्ता में है और इस दौरान देश की संस्थाओं को नुकसान पहुंचाया है। भाजपा पंजाब का भला करने में सक्षम नहीं है। अब पंजाब के लोगों को राजनीतिक दलों के दावों और उनके कामकाज के बीच अंतर समझने की जरूरत है। लोकतंत्र में असली निर्णायक शक्ति जनता के हाथों में होती है और इस बार लोगों को सोच-समझकर फैसला लेना होगा।

अकाली दल के साथ भाजपा को भी लगेगा बड़ा झटका: परगट सिंह
परगट सिंह ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में जनता का रुख केवल अकाली दल के खिलाफ ही नहीं, बल्कि भाजपा के खिलाफ भी रहेगा। दोनों पार्टियों को इस बार चुनाव में बड़ा झटका लग सकता है। अकाली दल और भाजपा का दोबारा गठबंधन करना जनता के बीच उनके लिए फायदेमंद साबित होने के बजाय उलटा असर डाल सकता है।

गठबंधन से कांग्रेस को मिल सकता है राजनीतिक फायदा
कांग्रेस प्रदेश प्रधान ने कहा कि उनके विचार में अकाली दल और भाजपा के बीच हुआ यह राजनीतिक घटनाक्रम कांग्रेस के पक्ष में जा सकता है। उन्होंने इसे राहुल गांधी की राजनीतिक सोच के अनुरूप बताते हुए कहा कि इस गठबंधन से कांग्रेस को आगामी चुनाव में फायदा मिलने की संभावना है। पंजाब की जनता इस बार राजनीतिक दलों के पुराने कार्यकाल और उनके कामकाज को ध्यान में रखकर अपना फैसला करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *