ख़बरिस्तान नेटवर्क : यूपी के कन्नौज में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे पर स्कूल बस को एक ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में 4 बच्चों की मौत हो गई है, जबकि 25 घायल हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है। बच्चे पिकनिक मनाकर आगरा से वापस कौशांबी लौट रहे थे।
स्कूल बस में सवार थे बच्चों समेत 60 लोग
जानकारी के मुताबिक स्कूल बस में 50 बच्चों समेत 60 लोग मौजूद थे। सभी आगरा से पिकनिक मनाकर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक बच्चे को टॉयलेट कराने के लिए बस को एक्सप्रैस वे पर खड़ी कर दिया गया। सुबह करीब 6 बजे एक तेज रफ्तार ट्रक पीछे से आया और उसने स्कूल बस को टक्कर मार दी।
4 बच्चों की मौत, घायल कानपुर के अस्पताल रेफर
टक्कर के बाद स्कूल बस का पिछला हिस्सा चकनाचूर हो गया। सीटें उखड़ गईं। बच्चे सीटों के बीच में फंस गए थे। जिन 4 बच्चों की मौत हुई है, उनमें कौशांबी के आर्यन चौरसिया (14), रजीउल्लाह (16), फतेहपुर के जैद मिर्जा (17) और अरमान (17) हैं। अरमान और आर्यन 8वीं जबकि रजीउल्लाह और मो. जैद 10वीं के छात्र थे। स्कूल प्रबंधक सलमान और एक अन्य बच्चे की हालत नाजुक है, जिन्हें कानपुर के हैलेट अस्पताल रेफर किया गया है।
कौशांबी स्कूल बस के साथ हुआ हादसा
वहीं इस मामले पर कन्नौज के एसपी विनोद कुमार ने बताया- बस कौशांबी के ओरिएंटल पब्लिक स्कूल की है। रात 12 बजे आगरा से रवाना हुई थी। मंगलवार सुबह 6 बजे बच्चों को टॉयलेट कराने के लिए बस एक्सप्रेस-वे पर खड़ी थी। तभी पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। पुलिस ने राहगीरों की मदद से रेस्क्यू शुरू किया और बच्चों को बस से बाहर निकाला कर अस्पताल पहुंचाया गया।
ताजमहल देखकर लौट रहे थे सभी- घायल छात्र
घायल छात्र प्रिंस प्रजापति ने बताया- हम लोग कौशांबी के रहने वाले हैं। आगरा से ताजमहल देखकर लौट रहे थे। हमारे दोस्त नौशाद की तबीयत खराब थी। उसे टॉयलेट कराने के लिए बस रुकी थी। तभी ट्रक ने टक्कर मार दी। ट्रक ड्राइवर ने ड्रिंक कर रखी थी। हम लोग रविवार को गए थे। हम लोग आगरा और मथुरा घूमकर कौशांबी लौट रहे थे।









