ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर में श्री गुरु रविदास चौक पर जातिसूचक शब्द कहने के आरोपों को लेकर जमकर हंगामा हुआ। एक कारोबारी पर जातिसूचक शब्द बोलने और लाइसेंसी पिस्टल तानने के आरोप लगाते हुए SC समुदाय और प्रवासी लोगों ने मुख्य चौक पर धरना लगा दिया। प्रदर्शन के चलते चौक पर ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई और सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने के बाद पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को कार्रवाई का भरोसा देकर धरना खत्म करवाया।
जूता फैक्टरी मालिक पर जातिसूचक शब्द बोलने के आरोप
मिली जानकारी के अनुसार, प्रणव चौधरी और बैंक कॉलोनी स्थित शूज फैक्टरी के मालिक वरुण महाजन के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि वरुण महाजन ने प्रणव चौधरी को जातिसूचक शब्द कहे और उन पर लाइसेंसी पिस्टल भी तान दी। इस मामले को लेकर बीते दिन दोनों पक्षों के बीच समझौता करवाने के लिए बातचीत होनी थी।
लेकिन आरोप है कि कारोबारी ने माफी मांगने से इनकार कर दिया। इसी बात से नाराज होकर SC समुदाय और प्रवासी लोगों ने श्री गुरु रविदास चौक पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते मुख्य चौक पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और यातायात बाधित हो गया।
पुलिस की मौजूदगी में भी दुर्व्यवहार करने का आरोप
मामले को लेकर आयूब खान ने आरोप लगाया कि शू मार्केट के प्रधान रविंदर चौधरी और उनके बेटे के साथ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया गया था। इस दौरान उन्हें रिवॉल्वर भी दिखाई गई। आयूब खान के मुताबिक, जब वे मामले को लेकर बीते दिन थाने पहुंचे तो वहां पुलिस की मौजूदगी में भी वरुण महाजन ने कथित तौर पर गलत व्यवहार किया।
जानिए ADCP माधवी शर्मा ने क्या कहा
मामले की जानकारी देते हुए ADCP माधवी शर्मा ने बताया कि करीब 6 दिन पहले दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद बीते दिन समझौते के लिए समय निर्धारित किया गया था। इस दौरान एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर जातिसूचक शब्द बोलने और पिस्टल तानने के आरोप लगाए। जिस समय यह विवाद हुआ, उस दौरान मौके पर मौजूद पुलिस कर्मचारियों को भी बुलाया गया है। मामले में परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और उनके आधार पर बनती कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पिस्टल का लाइसेंस रद्द करने का भी मिला भरोसा
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पुलिस ने मामले में पर्चा दर्ज करने और आरोपी कारोबारी की रिवॉल्वर का लाइसेंस रद्द करवाने की प्रक्रिया का भरोसा दिया है। इसके बाद लोगों ने धरना खत्म कर दिया। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है।









