ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब में PCS परीक्षा को लेकर बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने पंजाब पब्लिक सर्विस कमीशन (PPSC) की PCS मेन्स परीक्षा के नतीजे जारी करने पर रोक लगा दी है। इसके साथ ही अदालत ने 16 दिसंबर तक इंटरव्यू प्रक्रिया पर भी रोक लगाने का आदेश दिया है। कोर्ट ने PPSC को परीक्षा से संबंधित पूरा रिकॉर्ड पेश करने के निर्देश दिए हैं। इस फैसले से PCS भर्ती प्रक्रिया में शामिल अभ्यर्थियों के बीच हलचल मच गई है।
परीक्षा में धांधली के आरोपों पर हाईकोर्ट पहुंचा मामला
दरअसल, कुछ अभ्यर्थियों ने PCS मेन्स परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। याचिकाकर्ताओं का आरोप है कि परीक्षा में चयन प्रक्रिया पारदर्शी नहीं रही। उन्होंने दावा किया कि एक ही परीक्षा केंद्र से और क्रमवार तरीके से कई अभ्यर्थियों का चयन हुआ है, जो संदेह पैदा करता है।
16 दिसंबर तक इंटरव्यू प्रक्रिया पर रोक
याचिका पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने मेन्स परीक्षा का परिणाम जारी करने पर रोक लगा दी। अदालत ने स्पष्ट किया कि 16 दिसंबर तक इंटरव्यू की प्रक्रिया भी आगे नहीं बढ़ाई जाएगी। इसके साथ ही PPSC को परीक्षा से जुड़े सभी दस्तावेज और रिकॉर्ड अदालत में पेश करने को कहा गया है।
अभ्यर्थियों ने CBI जांच की उठाई मांग
याचिकाकर्ताओं ने परीक्षा में कथित गड़बड़ी की जांच CBI या किसी अन्य स्वतंत्र जांच एजेंसी से करवाने की मांग की है। इसके अलावा उन्होंने सभी परीक्षा केंद्रों की CCTV फुटेज सुरक्षित रखने की अपील की है, ताकि जांच के दौरान किसी तरह के सबूत नष्ट न हों।
नंबर और परीक्षकों की योग्यता सार्वजनिक करने की मांग
अभ्यर्थियों ने अदालत के सामने यह मांग भी रखी है कि चयनित उम्मीदवारों के प्राप्तांक सार्वजनिक किए जाएं। साथ ही परीक्षा की कॉपियां जांचने वाले परीक्षकों की योग्यता और संबंधित जानकारी भी सार्वजनिक करने की मांग की गई है। अब इस मामले में PPSC की ओर से पेश किए जाने वाले रिकॉर्ड और अदालत की अगली सुनवाई पर सभी की नजरें रहेंगी।









