अमेरिका में डिजिटल सिस्टम पर बड़ा संकट, कई बैंकों की ऑनलाइन सेवाएं ठप; United Airlines का सिस्टम भी हुआ फेल

अमेरिका में लगातार सामने आ रही तकनीकी गड़बड़ियों ने देश के डिजिटल और बुनियादी ढांचे की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हवाई यातायात में परेशानी और माइक्रोसॉफ्ट आउटेज के बाद सोमवार को बैंकिंग सेक्टर और एविएशन इंडस्ट्री भी तकनीकी संकट की चपेट में आ गई।

ख़बरिस्तान नेटवर्क : अमेरिका में लगातार सामने आ रही तकनीकी गड़बड़ियों ने देश के डिजिटल और बुनियादी ढांचे की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हवाई यातायात में परेशानी और माइक्रोसॉफ्ट आउटेज के बाद सोमवार को बैंकिंग सेक्टर और एविएशन इंडस्ट्री भी तकनीकी संकट की चपेट में आ गई। देश के कई बड़े बैंकों की ऑनलाइन सेवाएं प्रभावित होने से हजारों ग्राहकों को परेशानी हुई। वहीं, प्रमुख एयरलाइन United Airlines का सिस्टम भी अचानक खराब हो गया, जिसके चलते हवाई यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गईं। हालांकि, कुछ घंटों बाद एयरलाइन ने अपने सिस्टम को दोबारा ठीक कर लिया।

JPMorgan Chase में खराबी से कई बैंकों के लेनदेन प्रभावित
सोमवार को अमेरिका के कई बड़े बैंकों के ग्राहकों ने ऑनलाइन बैंकिंग और पैसों के लेनदेन में परेशानी की शिकायत की। प्रभावित संस्थानों में Bank of America, Chase, JPMorgan, US Bank और Wells Fargo के अलावा डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म Zelle भी शामिल रहे।

जानकारी के मुताबिक, देश के सबसे बड़े बैंकों में से एक JPMorgan Chase के आंतरिक हार्डवेयर सिस्टम में सॉफ्टवेयर संबंधी गड़बड़ी आ गई थी। इसके चलते बैंक के जरिए होने वाले ट्रांजेक्शन की प्रक्रिया धीमी पड़ गई। इसका असर उन दूसरे बैंकों के ग्राहकों पर भी पड़ा, जो Chase के माध्यम से लेनदेन कर रहे थे। इनमें Bank of America और Citigroup जैसे बैंक शामिल थे।

ग्राहकों को मिला सर्विस उपलब्ध न होने का मैसेज
तकनीकी खराबी के दौरान कई ग्राहकों को ऑनलाइन बैंकिंग इस्तेमाल करते समय स्क्रीन पर सेवाएं उपलब्ध न होने का संदेश दिखाई दिया। उन्हें कुछ समय बाद दोबारा कोशिश करने के लिए कहा गया। इसके कारण अकाउंट एक्सेस करने और पेमेंट संबंधी काम पूरे करने में दिक्कत आई। सोमवार को कई बैंकों और पेमेंट प्लेटफॉर्म की सेवाओं में रुकावट को लेकर शिकायतें दर्ज की गईं।

JPMorgan Chase के प्रवक्ता ने बताया कि तकनीकी समस्या के कारण कुछ ट्रांजेक्शन को पूरा होने में सामान्य से अधिक समय लग रहा था। हालांकि, ग्राहकों को अपने बैंक खातों और उनमें मौजूद पैसों तक पहुंच मिल रही थी। बैंक ने यह भी स्पष्ट किया कि सेवाओं में आई गड़बड़ी किसी साइबर हमले का नतीजा नहीं थी। तकनीकी टीम समस्या को दूर करने और बैंकिंग सेवाएं सामान्य करने में जुटी थी।

United Airlines का सिस्टम भी अचानक हुआ ठप
बैंकिंग सेवाओं में गड़बड़ी के बीच अमेरिका की प्रमुख एयरलाइन United Airlines भी तकनीकी परेशानी से जूझती नजर आई। सोमवार दोपहर एयरलाइन ने अपने पूरे सिस्टम में तकनीकी खराबी आने की पुष्टि की। कंपनी ने सोशल मीडिया के जरिए यात्रियों को हुई असुविधा के लिए माफी भी मांगी।

पायलट ने टावर से विमान गेट पर रोकने की मांगी अनुमति
United Airlines के सिस्टम में आई खराबी का असर उड़ानों के संचालन पर भी दिखाई दिया। एयर ट्रैफिक कंट्रोल से जुड़े एक ऐप पर सामने आई रिकॉर्डिंग में ह्यूस्टन में एयरलाइन का एक पायलट टावर से विमान को गेट पर ही खड़ा रखने की अनुमति मांगता सुनाई दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *