ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर में एक निजी समारोह का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में शहर के मेयर वनीत धीर पार्टी के दौरान डांस करते और जश्न मनाते नजर आ रहे हैं। इसी बीच उनके पीछे खड़ा एक युवक कथित तौर पर हवा में गोलियां चलाता दिखाई देता है। समारोह में खुलेआम फायरिंग का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस के हथियारों से जुड़े प्रतिबंधों और नियमों के पालन को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
रेडिसन एनक्लेव में तीन दिन पहले हुई थी पार्टी
जानकारी के मुताबिक, यह समारोह जालंधर के रेडिसन एनक्लेव में तीन दिन पहले आयोजित किया गया था। वायरल वीडियो में पार्टी के दौरान बड़ी संख्या में लोग डांस करते और जश्न मनाते दिखाई दे रहे हैं। मेयर वनीत धीर भी समारोह में मौजूद थे और अन्य लोगों के साथ डांस करते नजर आ रहे हैं। इसी दौरान उनके ठीक पीछे खड़ा एक युवक कथित तौर पर पिस्टल से हवाई फायरिंग करता दिखाई देता है। फायरिंग के समय मेयर डांस करते हुए दिखाई देते हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया है।
पार्टियों और रेस्टोरेंट में हथियार ले जाने पर प्रतिबंध
इस घटना को लेकर इसलिए भी सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि जालंधर कमिश्नरेट पुलिस की ओर से शादी समारोहों, निजी पार्टियों, रेस्टोरेंट और कैफे में हथियार लेकर जाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। पर बावजूद इसके मेयर की मौजूदगी में फायरिंग की घटना सामने आई है। जिस कारण पुलिस के प्रतिबंधों को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
पुलिस कर रही वायरल वीडियो की जांच
मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। वीडियो में दिखाई दे रहे युवक की पहचान और फायरिंग से जुड़े तथ्यों की पुष्टि के बाद आगे की कार्रवाई की जा सकती है। फिलहाल यह जांच का विषय है कि समारोह में इस्तेमाल किया गया हथियार किसका था और प्रतिबंधों के बावजूद पार्टी में हथियार कैसे पहुंचा।









