पंजाब और चंडीगढ़ का स्वच्छता में डंका! आनंदपुर साहिब बना पंजाब का नंबर-1 शहर

Punjab and Chandigarh shine in cleanliness! Anandpur Sahib emerges as Punjab’s number-1 city.

स्वच्छता के राष्ट्रीय मंच पर पंजाब और चंडीगढ़ ने शानदार प्रदर्शन किया है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में श्री आनंदपुर साहिब को पंजाब का सबसे स्वच्छ शहर घोषित किया गया है, जबकि चंडीगढ़ ने 3 से 10 लाख आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देशभर में दूसरा स्थान हासिल किया है।

इस श्रेणी में मध्य प्रदेश का उज्जैन पहले नंबर पर रहा। बुधवार को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित सम्मान समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पंजाब के स्थानीय निकाय मंत्री हरजोत बैंस और चंडीगढ़ के मेयर सौरभ जोशी व कमिश्नर अमित कुमार को पुरस्कार प्रदान किए। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और राज्य मंत्री तोखन साहू भी मौजूद रहे।

श्री आनंदपुर साहिब को मिला पंजाब के सबसे स्वच्छ शहर का खिताब

स्थानीय निकाय मंत्री हरजोत बैंस ने बताया कि देशभर के 63 शहरों को स्वच्छता के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। इनमें श्री आनंदपुर साहिब को पंजाब के सबसे स्वच्छ शहर के रूप में चुना गया है।

उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय शहर के निवासियों, सफाई कर्मचारियों और पार्षदों को दिया। उन्होंने कहा कि धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व के कारण श्री आनंदपुर साहिब में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में शहर को स्वच्छता के क्षेत्र में यह सम्मान मिलना बेहद खास है।

लगातार दूसरी बार चंडीगढ़ ने हासिल किया दूसरा स्थान

वहीं, चंडीगढ़ ने लगातार दूसरी बार 3 से 10 लाख आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देशभर में दूसरा स्थान हासिल किया है। इससे पहले स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में भी चंडीगढ़ इसी श्रेणी में दूसरे स्थान पर रहा था।

4751 शहरों के बीच हुआ मुकाबला

स्वच्छ सर्वेक्षण के दसवें संस्करण में देशभर के 4751 शहरों ने हिस्सा लिया। शहरों का मूल्यांकन 43 अलग-अलग मानकों के आधार पर किया गया। इस बार सर्वेक्षण की थीम ‘स्वच्छता की नई पहल-बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ’ रखी गई थी।इस तरह स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में श्री आनंदपुर साहिब और चंडीगढ़ ने पंजाब व क्षेत्र का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *