ख़बरिस्तान नेटवर्क : बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की स्वदेश वापसी की घोषणा के बाद एक बार फिर हालात तनावपूर्ण हो गए हैं। देश के कई हिस्सों में हिंसा और आगजनी की घटनाएं सामने आई हैं। सोमवार रात से मंगलवार शाम तक कम से कम 21 जिलों में उपद्रवियों ने जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान बसों और ट्रेन के डिब्बों को आग के हवाले कर दिया गया। वहीं, सरकारी कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों के गेट भी बंद करने पड़े।
24 घंटे में 22 वाहनों को बनाया निशाना
बांग्लादेश पुलिस और ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस (DMP) के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे के दौरान 11 जिलों में कम से कम 22 वाहनों में आग लगाने की घटनाएं दर्ज की गई हैं। इनमें बसों के अलावा अन्य वाहन भी शामिल हैं। आगजनी की घटनाओं के चलते कई इलाकों में दहशत का माहौल बन गया और सार्वजनिक गतिविधियां प्रभावित हुईं।
ढाका समेत कई जिलों में देसी बम धमाके
हिंसा का असर केवल आगजनी तक सीमित नहीं रहा। ढाका और छह अन्य जिलों में कम से कम 28 स्थानों पर देसी बम धमाकों की घटनाएं सामने आई हैं। लगातार हो रही वारदातों को देखते हुए सरकारी दफ्तरों और शिक्षण संस्थानों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। कई जगहों पर एहतियातन संस्थानों के गेट बंद रखे गए।
शेख हसीना की वापसी के ऐलान के बाद बढ़ा तनाव
बांग्लादेश पुलिस मुख्यालय का दावा है कि इन हिंसक घटनाओं के पीछे शेख हसीना की पार्टी के समर्थकों का हाथ है। पुलिस के मुताबिक, शेख हसीना की बांग्लादेश वापसी की घोषणा के बाद देश के अलग-अलग हिस्सों में आगजनी और बम धमाकों की घटनाएं शुरू हुईं।









