पंजाब के लुधियाना से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक निजी क्लिनिक में इंजेक्शन लगाने के कुछ ही देर बाद 27 साल के युवक की मौत हो गई। युवक पेट में दर्द की शिकायत के चलते इलाज करवाने क्लिनिक पहुंचा था। उसकी मौत के बाद परिजनों ने क्लिनिक के बाहर जमकर हंगामा किया और डॉक्टर पर गलत इंजेक्शन लगाने के आरोप लगाए।
मृतक की पहचान राजेश के रूप में हुई है। वह मोबाइल रिपेयरिंग का काम करता था और शादीशुदा था। उसके दो बच्चे हैं। परिजनों के मुताबिक, बुधवार सुबह छठ पूजा के लिए उसे ट्रेन से अपने गांव जाना था, लेकिन अचानक पेट में दर्द होने लगा। इसके बाद परिवार के लोग उसे बब्बर क्लिनिक लेकर पहुंचे।
परिजनों का आरोप है कि क्लिनिक में डॉक्टर ने राजेश को इंजेक्शन लगाया, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। परिवार का यह भी आरोप है कि डॉक्टर के पास इंजेक्शन लगाने का लाइसेंस नहीं है।
मृतक के भाई संदीप सिंह ने बताया कि राजेश का बीपी बढ़ा हुआ था, जिसके बाद डॉक्टर ने उसे इंजेक्शन लगाया। वहीं, एक महिला परिजन ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने डॉक्टर से बात करने की कोशिश की तो उनके साथ गलत व्यवहार किया गया। परिवार ने यह भी दावा किया कि इसी डॉक्टर के कथित गलत इलाज के कारण पहले राजेश की मां की भी मौत हो चुकी है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हंगामा कर रहे लोगों को शांत करवाया। पुलिस के मुताबिक, ड्रग इंस्पेक्टर के आने पर डॉक्टर के लाइसेंस की जांच की जाएगी। मामले की जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल युवक की मौत के मामले में परिजनों ने निष्पक्ष जांच और डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।









