जालंधर के शाहकोट के नजदीकी गांव रामे में पुरानी रंजिश के चलते फायरिंग का मामला सामने आया है। यहां कुछ हमलावरों ने 2 युवकों को घेरकर उन पर कई राउंड गोलियां चलाईं। दोनों युवकों ने भागकर अपनी जान बचाई, जबकि हमलावर उनका मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गए। पुलिस ने 7 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तीन साल पुरानी रंजिश को लेकर हुआ विवाद
पीड़ित बलराज सिंह पुत्र बगीचा सिंह निवासी गांव रामे ने पुलिस को बताया कि करीब तीन साल पहले उसका गांव के जसवंत सिंह पुत्र अजीत सिंह के साथ विवाद हुआ था। हालांकि, बाद में दोनों पक्षों के बीच राजीनामा हो गया था।
बलराज सिंह के मुताबिक, सोमवार रात वह ट्रैक्टर पर खेतों से लौट रहा था, तभी जसवंत सिंह और उसके साथियों ने उसे रास्ते में घेर लिया। मौके पर ग्रामीणों के पहुंचने से मामला शांत हो गया। इसके बाद पंचायत ने बुधवार सुबह दोनों पक्षों के बीच समझौता करवाने का समय तय किया था।
खेतों की ओर जाते समय घेरकर चलाई गोलियां
पीड़ित ने बताया कि मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे वह अपने दोस्त कुलदीप सिंह के साथ मोटरसाइकिल पर खेतों की ओर जा रहा था। इसी दौरान गांव की फिरनी पर जसवंत सिंह अपने 6 अन्य साथियों के साथ 3 मोटरसाइकिलों पर पहुंचा।
आरोप है कि हमलावरों ने दोनों युवकों को घेरकर जान से मारने की नीयत से कई राउंड फायर किए। दोनों युवक किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। इसके बाद आरोपी उनका मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गए।
पुलिस ने 7 आरोपियों के खिलाफ किया केस दर्ज
घटना की सूचना 112 हेल्पलाइन पर दी गई, जिसके बाद शाहकोट पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से एक खाली खोल भी बरामद किया है।जांच अधिकारी एएसआई परजिंदर कौर ने बताया कि जसवंत सिंह और 6 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।









