ख़बरिस्तान नेटवर्क : लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में 26-27 सितंबर की रात को हुई हिंसा में वायरल पोस्ट करने वाला का पता लगा लिया है। जानकारी के मुताबिक सोशल मीडिया पर फर्स्ट ईयर की स्टूडेंट ने ही कथित रेप की पोस्ट रेडिट पर शेयर की थी। पुलिस ने रेडिट के अमेरिका में बने हेड ऑफिस से इसकी जानकारी हासिल की है। जिसके बाद पुलिस ने IP एड्रेस का पता लगाकर छात्रा की पहचान की है।
SIT की पूछताछ में छात्रा ने बताया सच
छात्रा की पहचान होने के बाद स्पेशल इंवेस्टिगेशन टीम (SIT) ने उससे इस मामले में पूछताछ की। जिसके बाद छात्रा ने पूछताछ में बताया कि उसने सुनी-सुनाई बातों के आधार पर ही रेडिट पर अपनी पोस्ट शेयर की थी। यह पोस्ट पहली बार 24 सिंतबर को शेयर की गई और दूसरी बार 26 सिंतबर को शेयर की गई थी। पर बाद में इसे हटा दिया गया था। पोस्ट तेजी से वायरल होने से छात्रों में गुस्सा बढ़ा और हिंसा भड़क गई।
हाईकोर्ट में है पूरा मामला
बता दें कि लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में आगजनी, तोड़फोड़ और हिंसा के मामले में पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने सरकार से सोशल मीडिया पर फैली कथित गलत सूचनाओं को लेकर सवाल किए। सरकार ने कोर्ट को बताया कि अभी तक जांच में दुष्कर्म या हत्या की कोई घटना सामने नहीं आई है। हालांकि, मामले की जांच जारी है।
LPU हिंसा में अब तक 15 की हो चुकी है गिरफ्तारी
सरकार ने यह भी बताया कि हिंसा में शामिल 15 लोगों की पहचान की जा चुकी है और गिरफ्तारियां की जा रही हैं। कोर्ट ने याचिकाकर्ता को सरकार की स्थिति रिपोर्ट पर सोमवार तक पक्ष रखने का निर्देश दिया। सुनवाई सोमवार तक स्थगित करते हुए सरकार से यह भी बताने को कहा गया कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं।









