ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब के तरनतारन में बुधवार सुबह डबल मर्डर की सनसनीखेज घटना सामने आई है। चोहला साहिब के पास दो युवकों के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। दोनों युवकों पर तेजधार हथियारों से हमला किए जाने की बात सामने आई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
चोहला साहिब के पास मिले दोनों युवकों के शव
मृतकों की पहचान पाखोपुर निवासी परमिंदर सिंह और खारा गांव निवासी बिल्ला के रूप में हुई है। दोनों की उम्र करीब 27 से 30 साल के बीच बताई जा रही है। स्थानीय लोगों से घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को कब्जे में लिया। इसके बाद उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
दूसरी जगह हत्या, फिर शव यहां फेंकने का शक
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, दोनों युवकों की हत्या चोहला साहिब के पास नहीं, बल्कि किसी अन्य स्थान पर किए जाने की आशंका है। पुलिस को शक है कि हत्या के बाद आरोपियों ने दोनों के शवों को चोहला साहिब इलाके में लाकर फेंका और मौके से फरार हो गए। दोनों युवकों के शरीर पर तेजधार हथियार से हमला किए जाने के निशान मिले हैं। हालांकि हत्या की सही वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।
हत्या की वजह और आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के इलाकों में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस मृतकों के आपराधिक रिकॉर्ड, आपसी विवाद और उनके संपर्क में रहे लोगों के बारे में भी जांच कर सकती है, ताकि हत्या की वजह और आरोपियों तक पहुंचा जा सके।









