लुधियाना पहुंचने से पहले इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन पर पथराव, 3 शीशे टूटे; यात्रियों में मचा हड़कंप

लुधियाना रेलवे स्टेशन पहुंचने से कुछ देर पहले दिल्ली-अमृतसर इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन पर पथराव की घटना सामने आई है। ट्रेन जब तेज रफ्तार से अमृतसर की ओर बढ़ रही थी, उसी दौरान अज्ञात लोगों ने ट्रेन को निशाना बनाकर पत्थर फेंके। प

ख़बरिस्तान नेटवर्क : लुधियाना रेलवे स्टेशन पहुंचने से कुछ देर पहले दिल्ली-अमृतसर इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन पर पथराव की घटना सामने आई है। ट्रेन जब तेज रफ्तार से अमृतसर की ओर बढ़ रही थी, उसी दौरान अज्ञात लोगों ने ट्रेन को निशाना बनाकर पत्थर फेंके। पथराव से कोच के तीन शीशे टूट गए, जिससे ट्रेन में बैठे यात्रियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

तीन शीशे टूटे, यात्रियों में मचा हड़कंप
पथराव की चपेट में ट्रेन का कोच नंबर NR 246321 आया। पत्थर लगने से सीटों के पास लगे तीन शीशे चकनाचूर हो गए। गनीमत रही कि घटना में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना की जानकारी मिलने के बाद रेलवे सुरक्षा बल यानी RPF सक्रिय हो गया। फिरोजपुर मंडल के कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद अज्ञात हमलावरों के खिलाफ आपराधिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई।

अमृतसर पहुंचने पर RPF ने की ट्रेन की जांच
ट्रेन नंबर 14679 दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस रात करीब 10:25 बजे अमृतसर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर पहुंची। इसके बाद RPF पोस्ट अमृतसर के सहायक उप निरीक्षक रणवीर सिंह ने C&W स्टाफ और जेई रोहित कुमार के साथ ट्रेन की जांच की।
जांच के दौरान बोगी के अंदर सीटों के पास लगे शीशे क्षतिग्रस्त मिले। रेलवे अधिकारियों ने घटना को लेकर संयुक्त निरीक्षण नोट भी तैयार किया है।

लुधियाना से पहले बाईं तरफ से हुआ पथराव
जांच में सामने आया कि शुरुआती शिकायत के मुताबिक ट्रेन पर लुधियाना रेलवे स्टेशन से पहले बाईं ओर से पत्थर फेंके गए थे। हालांकि शिकायतकर्ता का संपर्क नंबर उपलब्ध नहीं होने के कारण घटना की सटीक लोकेशन निर्धारित करने में सुरक्षा एजेंसियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

7 अक्टूबर को मंडल सुरक्षा कंट्रोल रूम की ओर से 139 हेल्पलाइन के जरिए घटना की जानकारी साझा की गई थी। इसके बाद RPF ने रेलवे ट्रैक और आसपास के इलाकों में जांच तेज कर दी।

CCTV फुटेज खंगाल रही RPF की टीम
आरोपियों की पहचान के लिए RPF ने विशेष जांच टीम गठित की है। सब इंस्पेक्टर विजयपाल सिंह के नेतृत्व में टीम रेलवे ट्रैक के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही पथराव वाली संभावित जगहों और आसपास के इलाकों की भी जांच की जा रही है। रेलवे सुरक्षा बल की कोशिश है कि CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक जल्द पहुंचा जा सके।

यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों पर कार्रवाई
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि चलती ट्रेन पर पथराव बेहद गंभीर मामला है, क्योंकि इससे यात्रियों की जान को खतरा हो सकता है। अधिकारियों ने दावा किया है कि घटना में शामिल आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *