सांसद चरणजीत चन्नी को फिर मिली बड़ी जिम्मेदारी, किसानों से जुड़े मुद्दों की कमान संभालेंगे

जालंधर से कांग्रेस सांसद और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को कृषि, पशुपालन और खाद्य प्रसंस्करण संबंधी संसदीय स्थायी समिति की लगातार तीसरी बार अध्यक्षता मिली है।

ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर से कांग्रेस सांसद और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को कृषि, पशुपालन और खाद्य प्रसंस्करण संबंधी संसदीय स्थायी समिति की लगातार तीसरी बार अध्यक्षता मिली है। संसद की ओर से पुनर्गठित समिति में चन्नी को फिर चेयरमैन बनाया गया है। संसदीय रिकॉर्ड में भी उनका नाम समिति के अध्यक्ष के तौर पर दर्ज है।

लगातार तीसरी बार मिली जिम्मेदारी
चरणजीत सिंह चन्नी इससे पहले भी इस संसदीय समिति की अध्यक्षता कर चुके हैं। आधिकारिक संसदीय दस्तावेजों में 2025-26 की समिति के चेयरपर्सन के रूप में भी उनका नाम दर्ज है। नई समिति के गठन के बाद चन्नी ने एक बार फिर यह जिम्मेदारी मिलने पर कांग्रेस नेतृत्व का आभार जताया।

खड़गे और राहुल गांधी का जताया धन्यवाद
चन्नी ने कहा कि उन्हें लगातार तीसरी बार समिति की जिम्मेदारी सौंपे जाने के लिए वह कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के आभारी हैं। वह संसद में किसानों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए पूरी ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ काम करेंगे।

कृषि से लेकर खाद्य प्रसंस्करण तक कई विषयों की समीक्षा
कृषि, पशुपालन और खाद्य प्रसंस्करण संबंधी स्थायी समिति कृषि एवं किसान कल्याण, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य पालन और खाद्य प्रसंस्करण से जुड़े मंत्रालयों की नीतियों और सरकारी कामकाज की संसदीय समीक्षा करती है। समिति विभिन्न योजनाओं और नीतियों के क्रियान्वयन की समीक्षा करने के साथ-साथ संबंधित मंत्रालयों के कामकाज पर संसद के सामने अपनी रिपोर्ट और सिफारिशें भी रखती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *