कांगो में बड़ा विमान हादसा, सेना के दो सीनियर जनरल रैंक अधिकारी समेत 14 की मौ/त

Major Plane Crash in Congo; 14 Dead, Including Two Senior Army Generals

डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो (DR Congo) में शुक्रवार को एक बड़ा विमान हादसा हुआ। सेना का एक विमान तकनीकी खराबी के बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में विमान में सवार दो सीनियर जनरल रैंक अधिकारी समेत सभी 14 लोगों की मौत हो गई।

कांगो सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल एफोमी एकेन्गे ने आधिकारिक बयान जारी कर हादसे की पुष्टि की है। मृतकों में मिलिट्री कोर्ट के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल मुटोम्बो कटालायी टिएंडे और सशस्त्र बलों के ऑडिटर जनरल लेफ्टिनेंट जनरल बाकुमी लिकुलिया शामिल हैं।

उड़ान के दौरान आई तकनीकी खराबी

स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, विमान किकवित से राजधानी किंशासा लौट रहा था। उड़ान के दौरान विमान में अचानक गंभीर तकनीकी खराबी आ गई। इसके बाद पायलट ने विमान पर नियंत्रण खो दिया और विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

क्वांगो प्रांत के उप राज्यपाल रेमी साकी बोकिंडा के मुताबिक, पायलट ने केंगे में विमान उतारने की कोशिश की, लेकिन विमान एक प्लॉट में जा गिरा और आग की चपेट में आ गया। हादसे में दोनों जनरलों के अलावा प्रतिनिधिमंडल के 12 सदस्य और क्रू मेंबर्स मारे गए।

हादसे की जांच शुरू

सिविल एविएशन अथॉरिटी के चेयरमैन ट्रिफोन किन-कीये मुलुम्बा ने कहा कि हादसे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। सेना के प्रवक्ता के अनुसार, दुर्घटना की विस्तृत तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है।

यह हादसा ऐसे समय हुआ है जब कांगो की सेना देश के पूर्वी हिस्से में रवांडा-समर्थित M23 विद्रोही समूह समेत कई बागी गुटों के खिलाफ संघर्ष कर रही है। हाल के महीनों में M23 के हमलों के चलते क्षेत्र में सुरक्षा स्थिति बेहद तनावपूर्ण बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *