पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। आज पंजाब के 15 जिलों में बारिश के आसार हैं। बारिश और तेज हवाओं के चलते दिन के तापमान में गिरावट आ सकती है, जबकि सुबह और शाम ठंड का असर बढ़ने की संभावना है।
शुक्रवार को पंजाब का बठिंडा 37 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा। राज्य के अधिकतम तापमान में करीब 0.4 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है और यह अब सामान्य के करीब पहुंच गया है।
इन जिलों में बारिश और तेज हवाओं के आसार
पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर और मोहाली में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
तरनतारन में भी कुछ जगहों पर बारिश के आसार हैं। वहीं कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, फाजिल्का, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
बारिश के बाद बढ़ेगी ठंड?
मौसम में बदलाव के साथ सुबह और शाम ठंड का असर महसूस होने लगेगा। बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आने की संभावना है। खासकर सुबह के समय मौसम ठंडा रह सकता है, जबकि शाम होते-होते ठंडक और बढ़ सकती है।
मानसून की विदाई का दौर जारी
पंजाब और चंडीगढ़ से मानसून की विदाई का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून की वापसी की रेखा गुरदासपुर और चंडीगढ़ से होकर गुजर रही है। यानी मानसून धीरे-धीरे पंजाब से पीछे हट रहा है।
वहीं, पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय है। इसके प्रभाव से आने वाले दिनों में मौसम में और बदलाव देखने को मिल सकता है। बारिश के साथ तापमान में गिरावट और सुबह-शाम ठंड बढ़ने की संभावना है।









