ख़बरिस्तान नेटवर्क : बिहार के समस्तीपुर से नाबालिग लड़की के साथ सड़क पर बदसलूकी का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो 21 सितंबर से सोशल मीडिया पर वायरल बताया जा रहा है। वीडियो में कुछ लड़के नाबालिग लड़की को परेशान करते और उसके साथ जबरदस्ती करते नजर आ रहे हैं। लड़की बार-बार उन्हें छोड़ने की गुहार लगाती रही, लेकिन आरोप है कि लड़कों ने उसकी बात नहीं मानी।
हाथ और बाल खींचकर लड़की को किया परेशान
बताया जा रहा है कि घटना कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र में बूढ़ी गंडक नदी के बाइपास बांध के पास की है। वायरल वीडियो में लड़की आरोपियों से उसे छोड़ने के लिए कहती दिखाई देती है। इस दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर उसका हाथ पकड़कर खींचा और बाल भी खींचे। इसके बाद उसे जबरन दूसरी ओर ले जाने की कोशिश की गई। पुलिस को 23 सितंबर की रात करीब साढ़े 10 बजे घटना की जानकारी मिली।
पुलिस ने कई जगहों पर की छापेमारी, 4 गिरफ्तार
मामले की जानकारी मिलने के बाद कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र में पुलिस की कई टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
जमुई के बाद समस्तीपुर में सामने आया ऐसा मामला
बिहार में नाबालिग लड़की से बदसलूकी का यह मामला जमुई की घटना के कुछ दिन बाद सामने आया है। 19 सितंबर को जमुई में भी नाबालिग लड़की के साथ छेड़खानी का मामला सामने आया था। उस मामले में पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने नाबालिग लड़कियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।









