ख़बरिस्तान नेटवर्क : शहीद भगत सिंह नगर के बंगा से किस्मत बदलने वाली एक खबर सामने आई है। बंगा के मुख्य मार्ग पर स्थित सहोता लॉटरी स्टॉल से शाम करीब 5 बजे खरीदे गए सिक्किम राज्य सरकार के गणेश चतुर्थी बंपर लॉटरी टिकट ने एक प्रवासी मजदूर की किस्मत बदल दी। रिजल्ट घोषित होने के करीब एक घंटे पहले खरीदा गया टिकट 3 करोड़ रुपए के इनाम का विजेता बन गया।
लॉटरी जीतने वाले व्यक्ति की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी मधु सिंह के रूप में हुई है। जैसे ही लॉटरी स्टॉल संचालकों को टिकट के विजेता होने की जानकारी मिली, उन्होंने मधु सिंह को इसकी सूचना दी। करोड़ों रुपए का इनाम निकलने की खबर सुनते ही मधु सिंह की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
खटकड़ कलां में खेतों में करता है मजदूरी
मधु सिंह लंबे समय से शहीद भगत सिंह नगर जिले के गांव खटकड़ कलां में किसान रणजीत सिंह के खेतों में अपनी पार्टी के साथ मजदूरी का काम करता है। उसके करीबियों के मुताबिक मधु सिंह शांत स्वभाव का है और मेहनत करके अपना जीवनयापन करने में विश्वास रखता है।
लॉटरी रिजल्ट घोषित होने के बाद जब उसे अपनी किस्मत बदलने की जानकारी मिली तो वह अपने साथियों के साथ बंगा स्थित सहोता लॉटरी स्टॉल पर पहुंचा। वहां लॉटरी स्टॉल संचालकों ने उसका स्वागत किया और खुशी में मुंह मीठा करवाया।
बंगा हलके में पहली बार निकला इतना बड़ा इनाम
सहोता लॉटरी स्टॉल के मालिक सागर ने बताया कि 3 करोड़ रुपए का यह इनाम बंगा हलके के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा लॉटरी इनाम है। उन्होंने बताया कि विजेता के टिकट से संबंधित जरूरी प्रक्रिया पूरी करने के लिए वे लुधियाना जा रहे हैं, जहां आवश्यक दस्तावेज जमा करवाए जाएंगे।









