कनाडा में रहने वाले पंजाबियों और भारतीय समुदाय के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब अपनों की अस्थियों के विसर्जन के लिए भारत आने की जरूरत नहीं पड़ेगी। कनाडा के सरी शहर में पहली आधिकारिक अस्थि विसर्जन साइट शुरू की गई है, जहां परिवार धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार अस्थियों का विसर्जन कर सकेंगे।
इसके लिए नदी तक पहुंचने के लिए एक विशेष रैंप और प्लेटफॉर्म तैयार किया गया है। हालांकि, इस सुविधा का इस्तेमाल करने के लिए परिवारों को पहले से ऑनलाइन बुकिंग करनी होगी।
21 सितंबर से शुरू होगी ऑनलाइन बुकिंग
सरी सिटी की ओर से 21 सितंबर से ऑनलाइन रिजर्वेशन सिस्टम लागू किया जा रहा है। परिवार शहर की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए अपनी पसंद का समय स्लॉट बुक कर सकेंगे। इस सुविधा के लिए 237 कनाडाई डॉलर यानी करीब 14,500 रुपए फीस तय की गई है। सुरक्षा और निजता को ध्यान में रखते हुए एक समय में केवल एक परिवार को ही साइट का इस्तेमाल करने की अनुमति होगी।
नदी पर बनाया गया विशेष प्लेटफॉर्म
अस्थि विसर्जन के लिए नदी में करीब 50 फीट आगे तक विशेष प्लेटफॉर्म बनाया गया है। यहां पहुंचने के लिए सुरक्षित रैंप और बैठने के लिए दो बेंच भी लगाए गए हैं। विसर्जन के दौरान सरी सिटी का एक स्टाफ सदस्य मौके पर मौजूद रहेगा। वह परिवार की सहायता करने के साथ-साथ यह भी सुनिश्चित करेगा कि नदी में किसी तरह का प्रदूषण न हो।
सिर्फ अस्थियों के विसर्जन की अनुमति
पर्यावरण की सुरक्षा के लिए परिवारों से एक अंडरटेकिंग भी ली जाएगी। इसके तहत नदी में केवल अस्थियों की राख प्रवाहित करने की अनुमति होगी।किसी भी तरह की पूजा सामग्री या अन्य वस्तुओं को नदी में डालने की अनुमति नहीं होगी। नियमों का पालन करवाने की जिम्मेदारी मौके पर मौजूद सिटी स्टाफ की होगी।
वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी
साउथ एशियन समुदाय, खासकर सिख और हिंदू परिवार, लंबे समय से कनाडा में आधिकारिक तौर पर अस्थि विसर्जन की सुविधा की मांग कर रहे थे। इससे पहले कनाडा की नदियों में अस्थि विसर्जन पर पर्यावरण और जल प्रदूषण से जुड़े नियमों के कारण प्रतिबंध था। अब सरी सिटी ने इस मांग को पूरा करते हुए शहर में पहली आधिकारिक साइट शुरू की है।









