चंडीगढ़-मोहाली की महिलाओं के लिए बड़ा ऐलान, 22 सितंबर को बांटे जाएंगे iPhone-17

Major announcement for women in Chandigarh-Mohali

चंडीगढ़ और मोहाली की महिलाओं के लिए कारोबारी राकेश त्रेहन उर्फ ‘राजा दी किंग’ ने iPhone बांटने का ऐलान किया है। उनके मुताबिक, 22 सितंबर 2026 को चंडीगढ़ के सेक्टर-10 में 10 iPhone-17 बांटे जाएंगे। कार्यक्रम का समय दोपहर 12 बजे तय किया गया है।

इस योजना के तहत 18 साल से अधिक उम्र की महिलाएं ही पात्र होंगी। हालांकि, उन्हीं महिलाओं को शामिल किया जाएगा जो पहले से बताए गए WhatsApp ग्रुप की सदस्य हैं। राजा त्रेहन के मुताबिक, विजेताओं को iPhone-17 दिया जाएगा, जिसकी कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है।

WhatsApp ग्रुप से होगा चयन

राकेश त्रेहन के मुताबिक, चंडीगढ़ और मोहाली की 18 साल से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए WhatsApp ग्रुप बनाया गया है। ग्रुप में शामिल होने के बाद महिलाओं को रोजाना ‘जय माता दी’ लिखना होगा।

iPhone के विजेताओं का चयन लकी ड्रॉ के जरिए किया जाएगा। इसके लिए WhatsApp ग्रुप के सदस्यों की सूची मोबाइल स्क्रीन पर स्क्रॉल की जाएगी। स्क्रीन जिस नाम और मोबाइल नंबर पर रुक जाएगी, उसे विजेता माना जाएगा और उसे iPhone दिया जाएगा।

आगे बढ़ सकती है iPhone की संख्या

राजा दी किंग के मुताबिक, 5 अक्टूबर के बाद यह तय किया जाएगा कि iPhone बांटने की संख्या कितनी बढ़ाई जाए। इसके बाद जीरकपुर और पंचकूला में भी इस तरह के आयोजन शुरू करने की योजना बताई गई है।

पहले भी कर चुके हैं अनोखे ‘लंगर’

राकेश त्रेहन इससे पहले चंडीगढ़ और मोहाली में नकद राशि, खाना और पेट्रोल से जुड़े आयोजन कर चुके हैं। 15 सितंबर 2026 को मोहाली के फेज-3बी1 स्थित श्री वैष्णो माता मंदिर के बाहर पैसों का लंगर लगाया गया था। यहां ‘जय माता दी’ बोलने वाले लोगों को कथित तौर पर ₹500 से लेकर ₹1,500 तक की राशि दी गई।इससे पहले अगस्त में चंडीगढ़ के सेक्टर-8 में ₹500 के नोट, बर्गर और कोल्ड ड्रिंक बांटे गए थे।

पेट्रोल लंगर को लेकर भी किया था ऐलान

राजा दी किंग ने चंडीगढ़ में पेट्रोल लंगर लगाने की घोषणा भी की थी। शुरुआती कार्यक्रम 18 अगस्त को सेक्टर-7 और सेक्टर-10 के पेट्रोल पंपों पर प्रस्तावित था, लेकिन भारी बारिश और जलभराव के कारण आयोजन नहीं हो सका। बाद में 21 अगस्त की तारीख बताई गई, लेकिन प्रशासन से अनुमति नहीं मिलने के कारण कार्यक्रम आगे नहीं बढ़ पाया।अब उनके मुताबिक पेट्रोल लंगर के लिए नए कूपन तैयार किए जा रहे हैं। पुराने ₹2,500, ₹1,000 और ₹500 वाले कूपन बंद किए जाने की बात भी कही गई है।

कौन हैं राकेश त्रेहन?

राकेश त्रेहन को सोशल मीडिया पर ‘राजा दी किंग’ के नाम से जाना जाता है। वह मूल रूप से अमृतसर के रहने वाले बताए जाते हैं। उनके मुताबिक, उनके पिता कपड़े के कारोबारी थे और उनकी संपत्ति का एक हिस्सा उन्हें विरासत में मिला है।राकेश त्रेहन के अनुसार, उनका कारोबार डिजिटल करेंसी, ऑनलाइन फाइनेंस मार्केट में निवेश व ट्रेडिंग के साथ-साथ रियल एस्टेट और प्रॉपर्टी डीलिंग से भी जुड़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *