ख़बरिस्तान नेटवर्क : संगरूर के गुलजार सुसाइड केस को लेकर पंजाब कांग्रेस ने चंडीगढ़ में जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सेक्टर-15 स्थित पंजाब कांग्रेस भवन से वित्त मंत्री हरपाल चीमा के आवास की ओर मार्च शुरू किया। हालांकि, रास्ते में चंडीगढ़ पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया।
पुलिस की बैरिकेडिंग के दौरान कुछ कांग्रेस कार्यकर्ता बैरिकेड पर चढ़ गए। स्थिति को कंट्रोल करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच काफी खींचतान देखने को मिली।
सचिन पायलट को पुलिस ने हिरासत में लिया
इस मार्च की अगुआई पंजाब कांग्रेस के नए प्रभारी और राजस्थान के पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट कर रहे थे। प्रदर्शन के दौरान चंडीगढ़ पुलिस ने सचिन पायलट को हिरासत में ले लिया।
प्रदर्शन से पहले पायलट ने मंच से पंजाब सरकार और नशे के मुद्दे पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पंजाब में चिट्टे की होम डिलीवरी हो रही है। उन्होंने गुलजार की मौत का जिक्र करते हुए कहा कि एक गरीब दलित मंत्री का नाम लेकर मर गया। पायलट ने कहा कि पंजाब की लड़ाई में वह आगे रहेंगे और पहली लाठी भी वही खाएंगे।
3 महीने बाद एक मंच पर दिखे चन्नी और राजा वड़िंग
प्रदर्शन के दौरान पंजाब कांग्रेस के मंच पर एक और राजनीतिक तस्वीर ने सबका ध्यान खींचा। करीब तीन महीने बाद पूर्व मुख्यमंत्री और जालंधर से सांसद चरणजीत सिंह चन्नी तथा पंजाब कांग्रेस प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग एक ही मंच पर नजर आए।सचिन पायलट के दाईं ओर चरणजीत सिंह चन्नी और बाईं ओर राजा वड़िंग बैठे दिखाई दिए। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच बातचीत भी हुई।
मंच से जब चन्नी का नाम लिया गया तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की। हालांकि, अपने भाषण के दौरान चन्नी ने राजा वड़िंग का नाम नहीं लिया। वहीं राजा वड़िंग ने अपने संबोधन में चन्नी को सम्मान देते हुए उन्हें “चन्नी साहब” कहा और प्रताप सिंह बाजवा को अपना सम्मानित नेता बताया।
बाजवा बोले- बिना चेहरे के चुनाव लड़ेंगे
नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने मंच से कांग्रेस की चुनावी रणनीति को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि मंच पर सभी कांग्रेसी एकजुट हैं और पार्टी बिना किसी एक चेहरे के चुनाव लड़ेगी। कांग्रेस राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और सचिन पायलट के नाम पर वोट मांगेगी। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस को बहुमत मिलता है तो मुख्यमंत्री समेत अन्य फैसले हाईकमान करेगा। इसी दौरान उन्होंने कहा, “बाप जिंदा हो तो बेटों का कोई अधिकार नहीं होता।”
राजा वड़िंग के भाषण के दौरान NSUI कार्यकर्ताओं ने लहराए झंडे
राजा वड़िंग के माइक संभालते ही NSUI कार्यकर्ताओं ने झंडे उठाकर नारेबाजी शुरू कर दी। वड़िंग लगातार कार्यकर्ताओं से बैठने की अपील करते रहे, लेकिन कार्यकर्ता झंडे लहराते रहे। अपने संबोधन में राजा वड़िंग ने मुख्यमंत्री भगवंत मान को भी चुनौती दी। उन्होंने कहा कि वह मंच पर आकर मुख्यमंत्री को घेरेंगे। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की।









