ख़बरिस्तान नेटवर्क : महाराष्ट्र के नागपुर में SBI ब्रांच में साढ़े 4 लाख रुपए की लूट हुई है। लुटेरे ने बैंक में मौजूद सभी कर्मचारियों के आंखों में लाल मिर्च का पाउडर डालकर इस घटना को अंजाम दिया। जिसके बाद वह पैसों से भरा बैग लेकर फरार हो गया है। पर 1 किलोमीटर के बाद ही पुलिस ने उसे पैसों के साथ गिरफ्तार कर लिया। घटना की सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
आंखों में मिर्ची पाउडर डालकर लूटे पैसे
जानकारी के मुताबिक यह पूरी घटना वीरवार शाम की है। जब SBI बैंक कर्मचारी एटीएम से कैश लेकर ब्रांच में लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से एक युवक आया और उसने कर्मचारियों के आंखों पर लाल मिर्च का पाउडर डालना शुरू कर दिया। जिस कारण वह चिल्लाने लगे और बैंक में अफरा-तफरी मच गई। जिसके बाद आरोपी ने 4.53 लाख रुपए से भरा कैश का बैग छीनकर फरार हो गया।
30 मिनट के अंदर ही पकड़ा गया आरोपी
कैश बैग लेकर भाग रहे आरोपी को देखकर बैंक कर्मचारियों ने शोर मचाया और उसका पीछा किया। इसी दौरान गश्त कर रहे बीट मार्शल और DB टीम के पुलिसकर्मियों ने भी आरोपी को भागते देखा और उसके पीछे दौड़ पड़े। पुलिस ने घटना के करीब 30 मिनट के अंदर ही उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी B.Sc. ग्रेजुएट, फिलहाल बेरोजगार
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 28 साल के सूरज भोजराज बोरकर के रूप में हुई है। वह नागपुर ग्रामीण के भिवापुर तहसील के तातोली गांव का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक, सूरज B.Sc. ग्रेजुएट है और फिलहाल बेरोजगार है। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि नौकरी नहीं मिलने और आर्थिक परेशानी के चलते उसने लूट की होगी।









