मां की मौत के बाद गोद लिया था मासूम, सौतेली मां ने डंडों और गर्म चिमटे से मारा

https://webkhabristan.com/stepmother-unleashes-horror-on-innocent-child-in-punjab/

ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब के बरनाला जिले में इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 5 साल के मासूम बच्चे के साथ उसकी सौतेली मां ने बेहद बेरहमी से मारपीट करने का आरोप लगा है। महिला पर आरोप है कि उसने मासूम को डंडों से पीटने के साथ-साथ गर्म तवे और लोहे के चिमटे से शरीर को बुरी तरह दागा। बच्चे के शरीर पर जलने और गंभीर चोटों के कई गहरे निशान पाए गए हैं।

स्कूल पहुंचते ही सामने आई तस्वीरें, वीडियो वायरल
इस घटनना का खुलासा तब हुआ जब मासूम अपने शरीर पर बने चोटों और जलने के गहरे निशानों के साथ स्कूल पहुंचा। वहां किसी ने बच्चे की हालत देखकर उसकी तस्वीरें और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिए। वीडियो के तेजी से वायरल होने के बाद मामला सामने आया, जिसके तुरंत बाद समाजसेवी संस्था और स्थानीय प्रशासन ने हरकत में आते ही मासूम की मदद के लिए हाथ बढ़ाए।

समाजसेवी संस्था ने मासूम को पहुंचाया सिविल अस्पताल
वीडियो वायरल होते ही पटियाला की ‘अपना फर्ज सेवा सोसायटी’ के प्रमुख जत्थेदार सतपाल सिंह पाल खरोड़ अपनी टीम के साथ गांव पहुंचे। उन्होंने स्थानीय पंचायत, ग्रामीणों, पुलिस और बाल विकास विभाग की मदद से बच्चे को फौरन बरनाला के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया। डॉक्टरों ने बच्चे का मेडिकल करवाया और बताया कि उसके शरीर पर कई जगह जलने के निशान हैं। फिलहाल बच्चे की हालत स्थिर है और उसका इलाज जारी है।

मां के निधन के बाद बड़े भाई को सौंपा था बच्चा
बच्चे के पिता मूल चंद ने बताया कि उनकी पहली पत्नी का निधन हो चुका है। उनके बड़े भाई पड़ोस में ही रहते हैं और उनकी कोई बेटा नहीं थी, जिसके कारण उन्होंने लगभग ढाई साल पहले अपने छोटे बेटे को बड़े भाई को गोद दे दिया था। वे खुद रोज सुबह मजदूरी के लिए निकल जाते थे और देर शाम लौटते थे, जिसके कारण उन्हें मासूम के साथ हो रहे इस अत्याचार की भनक तक नहीं लग पाई।

कड़ी धूप में खड़ा करने और गर्म चिमटे से दागने का आरोप
अस्पताल में भर्ती मासूम ने आपबीती बताते हुए कहा कि उसकी सौतेली मां उसे रोज डंडों से पीटती थी और गर्म तवे व लोहे के चिमटे से दागती थी। इतना ही नहीं, उसे कड़ी धूप में हाथ में पानी की भारी बोतल पकड़ाकर घंटों खड़ा रखा जाता था। पीड़ित बच्चे के पिता ने आरोपी महिला के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

मेडिकल रिपोर्ट और परिजनों के बयानों पर होगी कार्रवाई
ASI जसपाल सिंह ने जानकारी दी कि पुलिस अस्पताल से बच्चे की विस्तृत मेडिकल रिपोर्ट हासिल कर रही है। इसके साथ ही परिजनों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। मेडिकल रिपोर्ट और बयानों के आधार पर आरोपी महिला के खिलाफ संबंधित कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी। बाल सुरक्षा विभाग की टीम भी अस्पताल पहुंचकर पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *