महाराष्ट्र में नेशनल हाईवे पर दर्दनाक हादसा, ट्रक और बोलेरो की टक्कर में बच्चों समेत 8 की मौत

महाराष्ट्र के भंडारा जिले में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में 3 बच्चों समेत 8 लोगों की मौत हो गई। हादसा ट्रक और बोलेरो के बीच हुई जोरदार टक्कर के कारण हुआ।

ख़बरिस्तान नेटवर्क : महाराष्ट्र के भंडारा जिले में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में 3 बच्चों समेत 8 लोगों की मौत हो गई। हादसा ट्रक और बोलेरो के बीच हुई जोरदार टक्कर के कारण हुआ। दुर्घटना में 3 अन्य लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

नागपुर-रायपुर हाईवे पर सुबह 4 बजे हुआ हादसा
पुलिस के मुताबिक, हादसा शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे नागपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर पिंपलगांव सड़क के पास हुआ। बोलेरो में सवार सभी लोग छत्तीसगढ़ के रायपुर से नेशनल हाईवे-53 के रास्ते नागपुर की ओर जा रहे थे।

इसी दौरान बोलेरो की एक ईचर ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। उसमें सवार 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में 5 वयस्क और 3 बच्चे शामिल हैं।

दो JCB की मदद से निकाला गया वाहन
हादसे के बाद बोलेरो और ट्रक में फंसे वाहनों को निकालने के लिए राहत एवं बचाव टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। घटनास्थल पर दो JCB मशीनों की मदद ली गई, जिसके बाद वाहनों को अलग किया गया। पुलिस मृतकों की पहचान करने में जुटी हुई है। वहीं घायल लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस हादसे के कारणों की भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *