कनाडा के एबॉट्सफोर्ड में पंजाबी सिंगर और एक्टर एमी विर्क की कार पर फायरिंग का मामला सामने आया है। यह घटना शनिवार देर रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है।जानकारी के मुताबिक, एमी विर्क एबॉट्सफोर्ड में अपना शो खत्म कर बाहर निकले थे। इसी दौरान मैक्कलम रोड और साउथ फ्रेजर वे के पास उनकी लग्जरी रोल्स रॉयस कलिनन कार पर 7 से 10 गोलियां चलाई गईं।
कार में एमी विर्क समेत चार लोग सवार थे और सभी सुरक्षित हैं।फायरिंग में कार के पिछले शीशे समेत करीब 7 जगह गोलियों के निशान मिले हैं। बताया जा रहा है कि कार की मजबूती के कारण गोलियां अंदर नहीं जा पाईं।
वारदात के बाद SUV को किया आग के हवाले
पुलिस के मुताबिक, फायरिंग के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घटनास्थल से करीब 5 किलोमीटर दूर सनी साइड प्लेस के पास एक संदिग्ध SUV जली हुई मिली, जिसे हमले में इस्तेमाल किए जाने का शक है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। हालांकि, निजता का हवाला देते हुए पुलिस ने यह बताने से इनकार किया है कि हमलावरों का मुख्य निशाना कौन था।घटना के बाद पंजाबी म्यूजिक और फिल्म इंडस्ट्री में चिंता का माहौल है। खासकर सिद्धू मूसेवाला की हत्या जैसी घटनाओं के बाद विदेशों में शो करने वाले पंजाबी कलाकारों की सुरक्षा को लेकर सवाल फिर उठने लगे हैं।









