ख़बरिस्तान नेटवर्क : मध्य प्रदेश के सागर जिले में जहरीली शराब पीने से मौतों का आंकड़ा बढ़कर 22 हो गया है। मृतकों में पिता-पुत्र भी शामिल हैं। वहीं इस घटना के बाद 112 लोग बीमार बताए जा रहे हैं, जिन्हें सागर और भोपाल के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अब तक 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
14 आरोपी गिरफ्तार, 225 लीटर से ज्यादा अवैध शराब जब्त
पुलिस के मुताबिक अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 1249 पाव देशी शराब बरामद की गई है, जिसकी कुल मात्रा 225.12 लीटर बताई गई है। यह शराब सागर गोल्ड कंपनी की लाल मसाला देशी शराब बताई जा रही है।
कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिए गए आरोपी
गिरफ्तार किए गए सभी 14 आरोपियों को पुलिस ने अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है और अवैध शराब के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि जहरीली शराब का निर्माण कहां किया गया, इसे किन लोगों ने तैयार किया और सागर में इसकी सप्लाई किस नेटवर्क के जरिए हुई।
पिता-पुत्र समेत 22 लोगों की मौत
जहरीली शराब कांड में अब तक 22 लोगों की मौत हो चुकी है। मृतकों में पिता-पुत्र भी शामिल हैं। वहीं 112 लोग बीमार हुए हैं, जिनका सागर और भोपाल के अस्पतालों में इलाज चल रहा है। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस अवैध शराब की बिक्री और सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।









