ख़बरिस्तान नेटवर्क : अमृतसर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर ड्रोन दिखने के बाद 7 फ्लाइटों की लैंडिंग की अनुमति नहीं दी गई। जिसके बाद कई फ्लाइट्स के रूट्स भी बदल दिए। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो इसकी पूरी सच्चाई सामने आई। जानकारी के मुताबिक एक टूर्नामेंट के दौरान ड्रोन उड़ाया गया था। हालांकि एयरपोर्ट के 8 किलोमीटर के दायरे में ड्रोन उड़ाने पर बैन है। बावजूद इसके ड्रोन के रनवे के पास आ गया था।
रात 10 बजे दिखा था संदिग्ध ड्रोन
जानकारी के मुताबिक रविवार रात करीब 10 बजे अमृतसर एयरपोर्ट पर संदिग्ध ड्रोन दिखाई दिए। कुछ देर तक रनवे और आसपास के संवेदनशील इलाके में उड़ता रहा। रनवे के आसपास संदिग्ध गतिविधि नजर आते ही एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने तुरंत अलर्ट जारी किया। अलर्ट मिलते ही CISF, पंजाब पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां एक्टिव हो गईं।
ATC ने कई उड़ानों के रूट बदल दिए
वहीं, यात्रियों और विमानों की सुरक्षा को देखते हुए ATC ने तत्काल कई उड़ानों के रूट बदल दिए। एहतियात के तौर पर अमृतसर आने वाली 7 उड़ानों की लैंडिंग रोक दी गई थी। जिसके बाद जांच की गई तो पता चला कि टूर्नामेंट के दौरान ड्रोन उड़ाया गया था। इसके बावजूद ड्रोन रनवे के करीब आने को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।









