जालंधर में सड़कों पर उतरी कांग्रेस! खड़गे के मंच ‘शुद्धिकरण’ विवाद पर BJP के खिलाफ खोला मोर्चा!

हल्द्वानी में मल्लिकार्जुन खड़गे के भाषण के बाद मंच के तथाकथित 'शुद्धिकरण' के विरोध में पंजाब कांग्रेस ने जालंधर में भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए धरना-प्रदर्शन किया।

ख़बरिस्तान नेटवर्क : हल्द्वानी में मल्लिकार्जुन खड़गे के भाषण के बाद मंच के तथाकथित ‘शुद्धिकरण’ के विरोध में पंजाब कांग्रेस ने जालंधर में भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए धरना-प्रदर्शन किया। देशभगत यादगार हॉल में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेतृत्व ने भाजपा पर तीखे राजनीतिक और सामाजिक हमले बोले।

चन्नी और परगट सिंह ने बोला हमला
जालंधर के सांसद चरणजीत सिंह चन्नी और कैंट विधायक सहित वरिष्ठ नेताओं ने इस घटना को संविधान के अनुच्छेद 14, 15 और 17 का सीधा उल्लंघन करार दिया। यह सिर्फ एक राष्ट्रीय अध्यक्ष का अपमान नहीं है, बल्कि देश के संविधान, सामाजिक समानता और संवैधानिक मूल्यों पर सीधा हमला है। पंजाब की धरती पर ‘संगत और पंगत’ के सिद्धांतों का हवाला देते हुए नेताओं ने साफ किया कि सूबा कभी भी ऐसी भेदभावपूर्ण मानसिकता को स्वीकार नहीं करेगा।

मनोरंजन कालिया के बयान को सिरे से नकारा
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा नेता मनोरंजन कालिया के उस दावे को सिरे से खारिज कर दिया जिसमें इस पूरे घटनाक्रम को केवल एक सामान्य धार्मिक ‘हवन-यज्ञ’ बताया गया था। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम में भाजपा के शीर्ष प्रदेश नेतृत्व की मौजूदगी के पुख्ता सबूत हैं।

AAP को भाजपा की B टीम बताया
वहीं इसके साथ ही इस मुद्दे पर आम आदमी पार्टी की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल को भाजपा की ‘बी-टीम’ करार दिया गया। वहीं, राज्य में गहराते बिजली और कोयला संकट पर मान सरकार को घेरते हुए नेताओं ने कहा कि राज्य के थर्मल प्लांटों में चंद दिनों का स्टॉक बचा है और दिल्ली से संचालित यह सरकार जनता पर महंगा बिजली बोझ डाल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *