आज फिर ED के सामने पेश नहीं हुए अनुराग वर्मा, इस मामले में हो रही है जांच

पंजाब के पूर्व मुख्य सचिव और वर्तमान अतिरिक्त मुख्य सचिव (राजस्व विभाग) अनुराग वर्मा को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मोहाली के सनटेक सिटी और एल्टस स्पेस बिल्डर्स प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े मामले में समन जारी किया था।

ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब के पूर्व मुख्य सचिव और वर्तमान अतिरिक्त मुख्य सचिव (राजस्व विभाग) अनुराग वर्मा को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मोहाली के सनटेक सिटी और एल्टस स्पेस बिल्डर्स प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े मामले में समन जारी किया था। उन्हें सोमवार को जालंधर स्थित ED के जोनल कार्यालय में पूछताछ के लिए पेश होने के निर्देश दिए गए थे। हालांकि, किसी कारणवश अनुराग वर्मा आज ED के सामने पेश नहीं हुए।

हाउसिंग और शहरी विकास विभाग से जुड़ा है मामला
ED मोहाली के सनटेक सिटी और एल्टस स्पेस बिल्डर्स प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े कथित अनियमितताओं और नियमों के उल्लंघन की जांच कर रही है। जिस अवधि की गतिविधियों की जांच की जा रही है, उस दौरान अनुराग वर्मा हाउसिंग और शहरी विकास विभाग के प्रमुख पद पर तैनात थे। मामले से जुड़े दस्तावेजों और अन्य तथ्यों को लेकर उनसे पूछताछ की जानी थी। हालांकि, निर्धारित तारीख पर पेश नहीं होने के बाद अब उन्हें दोबारा समन जारी किया गया है।

अब 9 सितंबर को ED दफ्तर पहुंचने के निर्देश
अनुराग वर्मा को अब 9 सितंबर को जालंधर स्थित ED के जोनल कार्यालय में पेश होने के लिए कहा गया है। इससे पहले भी ED ने उन्हें 31 अगस्त को पूछताछ के लिए बुलाया था, लेकिन उस समय भी वह पेश नहीं हो सके थे। अनुराग वर्मा ने ED से अतिरिक्त समय मांगा था। उन्होंने जरूरी दस्तावेज जुटाने के लिए और समय की जरूरत बताई थी। इसके बाद जांच एजेंसी ने उन्हें पूछताछ के लिए नई तारीख दी थी।

IAS अधिकारी कंवलप्रीत बराड़ को भी दोबारा समन
इसी मामले में IAS अधिकारी कंवलप्रीत बराड़ को भी ED की ओर से 27 अगस्त को दोबारा समन भेजा गया था। इससे पहले वह 18 अगस्त को जांच एजेंसी के सामने पेश हो चुकी हैं। ED की जांच में पूछताछ के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और दस्तावेजों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *