ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर पुलिस कमिश्नरेट ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अमेरिका में करोड़ों रुपए के फ्रॉड मामले में नामजद और अमेरिकी जांच एजेंसी एफबीआई (FBI) को वांटेड आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सतिंदर सिंह (IPS) के दिशा-निर्देशों और स्पेशल ब्रांच की निगरानी में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी मनजीत सिंह बेदी को जालंधर के अमर नगर (गुलाब देवी रोड) से गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ थाना रामा मंडी में FIR दर्ज की गई थी।
अमेरिका में 6 लाख डॉलर के फ्रॉड को दिया था अंजाम
जांच के दौरान यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि आरोपी मनजीत सिंह बेदी अमेरिका में ‘बेनिफिट्स फ्रॉड’ (EBT Scam) में शामिल रहा है। अमेरिकी अधिकारियों ने उसे ‘मोस्ट वांटेड फ्रॉडस्टर्स’ की सूची में शामिल किया हुआ था और FBI को भी उसकी तलाश थी।
आरोपी ने वाशिंगटन राज्य के तकोमा शहर में मार्च 2024 से जून 2025 के दौरान ‘सप्लीमेंट न्यूट्रिशन असिस्टेंस प्रोग्राम’ के तहत मिले सरकारी ईबीटी (EBT) कार्ड्स के जरिए करीब 6 लाख डॉलर (भारतीय मुद्रा में करीब 5 करोड़ रुपये) की ठगी की थी। वह ग्राहकों को राशन देने के बजाय ईबीटी कार्ड से पैसे निकाल कर खुद हड़प जाता था।
विदेशी रिकॉर्ड और इंटरनेशनल नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
आरोपी की गिरफ्तारी से इस हाई-प्रोफाइल मामले में बड़ा मोड़ आ गया है। जालंधर पुलिस अब आरोपी के इंटरनेशनल यात्रा रिकॉर्ड, वित्तीय लेन-देन, संभावित साथियों और विदेश में अंजाम दी गई अन्य धोखाधड़ी की बारीकी से जांच कर रही है।









