ख़बरिस्तान नेटवर्क: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मंगलवार, 20 अक्टूबर को पंजाब के दौरे पर रहे, जहां उन्होंने ड्रग्स और नशाखोरी के खिलाफ अपनी आवाज उठाने वाले और जान गंवाने वाले एक्टिविस्टों तथा पीड़ितों के परिवारों से मुलाकात की।
मानसा में परविंदर झोटा के परिवार से मिले अमित शाह
अपने इस दौरे के तहत गृह मंत्री मानसा पहुंचे और वहां नशा विरोधी एक्टिविस्ट परविंदर झोटा के परिवार से मुलाकात की। परविंदर झोटा की हत्या नशे का पुरजोर विरोध करने के कारण की गई थी। इस मुलाकात के दौरान अमित शाह ने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया और बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि कल यानी बुधवार को दोपहर 12 बजे सीबीआई की टीम मानसा पहुंच जाएगी, जिससे मामले की निष्पक्ष जांच तेजी से आगे बढ़ सके।
संगरूर में गुलजार सिंह के परिजनों को दिया न्याय का भरोसा
मानसा जाने से पहले गृह मंत्री ने संगरूर में आम आदमी पार्टी के मंत्री हरपाल सिंह चीमा से सवाल पूछने को लेकर प्रताड़ित किए जाने के बाद आत्महत्या करने वाले गुलजार सिंह के परिजनों से भी मुलाकात की थी। वहां उन्होंने परिजनों को सांत्वना देते हुए आश्वासन दिया कि उन्हें दो से तीन महीने के भीतर हर हाल में इंसाफ मिलेगा और अमित शाह ने यह भी कहा कि वे खुद गुलजार सिंह के भोग यानी अंतिम अरदास में शामिल होने आएंगे।
गुरदासपुर में बिक्रमजीत के परिवार से की मुलाकात
अपने इस पंजाब दौरे की शुरुआत में गृह मंत्री ने गुरदासपुर में बिक्रमजीत सिंह के परिवार से करीब 15 मिनट तक मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने आत्मीयता दिखाते हुए बिक्रमजीत की मां सुरजीत कौर के पैर छुए और उनका आशीर्वाद लिया तथा इस मामले में भी परिवार को सीबीआई जांच और पुख्ता इंसाफ का पूरा भरोसा दिलाया।









