गुलजार सिंह के घर पहुंचे गृह मंत्री अमित शाह, बोले- “इंसाफ मिलने के बाद भोग पर आऊंगा”

ख़बरिस्तान नेटवर्क: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज पंजाब के दौरे पर हैं और इस दौरान उनका मुख्य फोकस ड्रग्स की वजह से अपनी जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों से मुलाकात करना है। इसी सिलसिले में उन्होंने सबसे पहले गुरदासपुर के माड़ी पन्नुआ गांव में बिक्रमजीत सिंह के परिवार से मुलाकात की और इसके बाद वह हेलीकॉप्टर से गुरदासपुर से दिड़बा मंडी की अनाज मंडी पहुंचे। वहां से कार के जरिए वे संगरूर के गांव तूर बंजारा पहुंचे, जहां उन्होंने पिछले महीने आत्महत्या करने वाले गुलजार सिंह के परिवार से उनके घर पर मुलाकात की।

तूर बंजारा गांव में गृह मंत्री ने गुलजार सिंह के भाई, पत्नी और दोनों बेटों से आमने-सामने बात की। परिवार के सदस्यों ने साझा किया कि अमित शाह ने करीब 20 मिनट तक बैठकर एक-एक बात विस्तार से समझी और परिवार को ढांढस बंधाया। अमित शाह ने स्पष्ट शब्दों में परिवार को आश्वासन दिया कि अगले दो-तीन महीनों के भीतर उन्हें न्याय मिल जाएगा और जैसे ही इंसाफ मिल जाएगा, वे खुद गुलजार सिंह के भोग कार्यक्रम में शामिल होने आएंगे।

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले जब अमित शाह जालंधर के दौरे पर थे, तब भी गुलजार सिंह के परिवार ने उनसे मिलकर एक ज्ञापन सौंपा था। गुलजार सिंह ने पिछले महीने आत्महत्या कर ली थी और मरने से पहले उन्होंने एक वीडियो बनाकर यह गंभीर आरोप लगाया था कि ड्रग्स के खिलाफ आवाज उठाने और इसके विरोध में बोलने के कारण उन्हें लगातार बहुत ज्यादा परेशान किया गया, जिसके चलते उन्होंने यह कदम उठाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *