अमेरिका-ईरान में फिर बढ़ा तनाव, अमेरिकी हमले में कई लोगों की मौत का दावा

Tensions escalate again between the US and Iran

अमेरिका ने ईरान पर तीन दिन में दूसरी बार हमला किया है। अमेरिकी सेना ने मंगलवार रात सिरिक, खुजस्तान, किश्म द्वीप और बंदर अब्बास समेत कई इलाकों में मिसाइल और ड्रोन से हमले किए।

ईरान का दावा है कि सिरिक में एक शादी समारोह के दौरान मिसाइल गिरी, जिसमें 4 लोगों की मौत हुई और 50 से ज्यादा लोग घायल हुए। मरने वालों में एक 4 साल का बच्चा भी शामिल बताया जा रहा है।

वहीं, खुजस्तान प्रांत में हुए हमले में 7 लोगों की मौत और 8 लोगों के घायल होने का दावा किया गया है। ईरान के मुताबिक, अमेरिका ने यहां कई ठिकानों को निशाना बनाया।हालांकि, अमेरिका का कहना है कि उसके हमले ईरान के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर किए गए थे।

अमेरिकी हमलों के बाद ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई का दावा किया है। ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के मुताबिक, जॉर्डन और बहरीन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया। हालांकि, अमेरिकी अधिकारियों ने जॉर्डन में बड़ी संख्या में सैनिकों के मारे जाने के दावे को खारिज किया है।

इस बीच, अमेरिका-ईरान के बीच होर्मुज स्ट्रेट को लेकर तनाव और बढ़ गया है। अमेरिका का आरोप है कि ईरान समुद्री रास्ते में सी-माइंस बिछाने की कोशिश कर रहा था।होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के लिए बेहद अहम समुद्री मार्ग है, जहां से बड़ी मात्रा में तेल और गैस की सप्लाई होती है। ऐसे में तनाव बढ़ने से कच्चे तेल की कीमतों और वैश्विक ऊर्जा सप्लाई पर असर पड़ने की आशंका है।

अमेरिकी नौसेना का विमानवाहक पोत USS अब्राहम लिंकन भी लंबे समय तक पश्चिम एशिया में मिशन पर रहने के बाद बुधवार को थाईलैंड पहुंचा है।
फिलहाल अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच दोनों देशों की ओर से लगातार हमले और जवाबी कार्रवाई के दावे सामने आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *