ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर शहर में लगातार बढ़ती आपराधिक वारदातों से आम जनता के बीच दहशत और असुरक्षा का माहौल गहराता जा रहा है। तेजधार हथियारों से लैस बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि उन्हें पुलिस या कानून का कोई डर नहीं रहा। ताजा मामला डॉ. बी.आर. आंबेडकर चौक (नकोदर चौक) के पास अजीत नगर स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के बाहर से सामने आया है, जहां देर रात एक्टिवा सवार एक बुजुर्ग व्यक्ति को निशाना बनाने की कोशिश की गई।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात
घटना की सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि बुजुर्ग व्यक्ति गुरुद्वारा साहिब के बाहर अपनी एक्टिवा खड़ी करके उसमें सामान रख रहे थे। उसी दौरान दो बाइक सवार युवक वहां से गुजरे। जैसे ही बुजुर्ग अपनी एक्टिवा लॉक करके गुरुद्वारा साहिब के अंदर जाने लगे, दोनों बाइक सवार वापस लौटे और उन्हें आवाज देकर रोक लिया। इसके बाद एक युवक हाथ में तेजधार हथियार लेकर बुजुर्ग की तरफ बढ़ा और उनसे हाथापाई करते हुए लूटपाट का प्रयास करने लगा।
बुजुर्ग की सूझबूझ और सेवादारों के शोर से भागे आरोपी
लुटेरों के हमले के बावजूद बुजुर्ग ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने तुरंत गुरुद्वारा साहिब के अंदर भागकर अपनी जान बचाई और लूट की कोशिश को नाकाम कर दिया। गुरुद्वारा साहिब के मुख्य सेवादार हरजोत सिंह लक्की ने बताया कि यह घटना रात करीब 1:30 बजे की है। उस समय अंदर कुछ सेवादार सेवा में लगे हुए थे। बुजुर्ग द्वारा शोर मचाने पर जब अंदर मौजूद संगत नीचे पहुंची, तो पकड़े जाने के डर से दोनों आरोपी मोटरसाइकिल पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।
बेअदबी या लूट की नीयत पर आशंका, पुलिस को अल्टीमेटम
गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के मुख्य सेवादार ने आशंका जताई है कि आरोपी सिर्फ लूट ही नहीं, बल्कि गुरुद्वारा साहिब के अंदर दाखिल होकर किसी बड़ी वारदात या बेअदबी की नीयत से आए थे। मामले की लिखित शिकायत और सीसीटीवी फुटेज थाना 4 की पुलिस को सौंप दी गई है। पुलिस ने तीन दिनों के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है। इसके साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि निर्धारित समय में कार्रवाई नहीं हुई, तो विभिन्न सिंह सभाओं और गुरुद्वारा कमेटियों के साथ मिलकर तीखा धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू
थाना 4 के प्रभारी ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि पीड़ित व्यक्ति की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान और तलाश शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, यह लूट के प्रयास का मामला है, जिसे बुजुर्ग और सेवादारों की मुस्तैदी के कारण अंजाम नहीं दिया जा सका।









