अमरावती के महिला अस्पताल के NICU में भीषण आग, 3 नवजातों की मौत

Massive fire in the NICU of a women's hospital in Amravati

महाराष्ट्र के अमरावती जिला महिला अस्पताल के नियोनेटल इंटेंसिव केयर यूनिट (NICU) में सोमवार सुबह करीब 3:30 बजे भीषण आग लग गई। इस हादसे में 3 नवजात बच्चों की मौत हो गई, जबकि 6 बच्चों को बेहतर इलाज के लिए सुपर-स्पेशियलिटी अस्पताल में शिफ्ट किया गया है।

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, अस्पताल की तीसरी मंजिल पर स्थित NICU में वेंटिलेटर में धमाका होने के बाद आग लगी। देखते ही देखते यूनिट में धुआं फैल गया। घटना के समय NICU में कुल 39 नवजातों का इलाज चल रहा था।

आग लगते ही ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों, नर्सों और अन्य अस्पताल कर्मचारियों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। कई नवजातों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। आग की वजह से NICU में रखे कई मेडिकल उपकरण और अन्य सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गए।

घटना के बाद NICU में लगे AC को भी नुकसान पहुंचा है और उसमें ब्लास्ट की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस और अस्पताल प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं।

दो दिन पहले छिंदवाड़ा में भी हुआ था हादसा

इससे दो दिन पहले मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिला अस्पताल के NICU में भी आग लगने की घटना सामने आई थी। शनिवार देर रात करीब 2 बजे वार्मर मशीन के फिलामेंट से निकली चिंगारी के बाद आग लगी थी। हादसे में 3 नवजात झुलस गए थे।

अस्पताल स्टाफ ने फायर फाइटिंग उपकरणों की मदद से आग पर काबू पाया और बच्चों को प्राथमिक उपचार दिया। बाद में तीनों नवजातों को बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर किया गया। इनमें एक बच्चे की इलाज के दौरान मौत हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *