जीजा-साले ने मिलकर रची थी 72 लाख की लूट की साजिश, पुलिस कमिश्नर ने किया बड़ा खुलासा

जालंधर के सूर्य एंक्लेव में पांच दिन पहले कारोबारी ललित से हुई 72 लाख रुपये की लूट की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी सन्नी खौंसला समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर के सूर्य एंक्लेव में पांच दिन पहले कारोबारी ललित से हुई 72 लाख रुपये की लूट की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी सन्नी खौंसला समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की पूरी 72 लाख रुपये की रकम, दो कारें और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने कारोबारी ललित को बरामद किए गए 72 लाख रुपये वापस सौंप दिए।

24 घंटे से भी कम समय में ट्रैक हुआ केस
पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने बताया कि वारदात के बाद पुलिस ने तेजी से जांच शुरू की और 24 घंटे से भी कम समय में केस को ट्रैक कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास निवासी गुरु नानक कॉलोनी गुरदासपुर, हरदीप उर्फ दीपू निवासी गांव बडाला कपूरथला, साहिल निवासी बटाला गुरदासपुर, राजवीर गिल निवासी मकसूदां, रणजीत सिंह निवासी बटाला और सन्नी खौंसला निवासी अमरदास नगर के रूप में हुई है।

कार को टक्कर मारकर कारोबारी से छीने थे 72 लाख
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने वारदात के दौरान कारोबारी की कार को टक्कर मारी और उसकी गाड़ी पर हमला कर नकदी छीनकर फरार हो गए थे। पुलिस जांच में सामने आया कि लूट को अंजाम देने से पहले आरोपियों ने इलाके की रेकी की थी। आरोपी करीब एक से डेढ़ महीने से वारदात की तैयारी कर रहे थे। घटना के लिए एक गाड़ी भी किराये पर ली गई थी। वारदात को अंजाम देने के लिए बटाला के एक आरोपी को कथित तौर पर 3 लाख रुपये मुहैया करवाए गए थे।

सन्नी और उसके जीजा ने रची थी साजिश
पुलिस जांच में साजिश के मुख्य आरोपी के तौर पर सन्नी खौंसला और उसके रिश्तेदार हरदीप का नाम सामने आया है। पुलिस कमिश्नर के मुताबिक वारदात से पहले 13 तारीख को आरोपी घटनास्थल पर पहुंचे थे और सुनसान जगह की रेकी की थी। वारदात के समय सन्नी खुद घटनास्थल पर मौजूद नहीं था, लेकिन वह पूरी साजिश की निगरानी कर रहा था। पुलिस ने जांच के दौरान आरोपियों के बीच हुई भूमिका और रकम के बंटवारे से जुड़े पहलुओं को भी सामने रखा है।

लूट के बाद आरोपियों ने आपस में बांटे पैसे
पुलिस के मुताबिक वारदात को अंजाम देने के बाद चार आरोपी विधिपुर फाटक के पास एक घर में रुके थे। वहां हरदीप ने कथित तौर पर अपने साथियों से कहा कि बैग से सिर्फ 50 लाख रुपये ही मिले हैं। इसके बाद आरोपियों ने 13-13 लाख रुपये आपस में बांट लिए।
घटना के दौरान कारोबारी के ड्राइवर से जुड़े आरोपी सन्नी खौंसला को 12 लाख रुपये दिए गए थे। आरोपियों ने लूट की रकम से कुछ कपड़े भी खरीदे थे।

भागने की कोशिश में हादसे का शिकार हुए आरोपी
पुलिस के अनुसार वारदात के बाद आरोपियों ने पुलिस से बचकर भागने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान वे हादसे का शिकार हो गए। हादसे में कुछ आरोपियों के पैर टूट गए। इसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी विकास के खिलाफ पहले से छह मामले दर्ज हैं।

वहीं हरदीप, साहिल और राजवीर के खिलाफ भी आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *