ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर के अवतार नगर में पंजाब गौशाला कमीशन के वाइस चेयरमैन कीमती लाल भगत और एक दुकानदार के बीच बहस का मामला सामने आया है। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें बाजार में हुए विवाद की तस्वीरें दिखाई दे रही हैं। बताया जा रहा है कि विवाद उस समय शुरू हुआ, जब कीमती लाल भगत की कार को गली से निकालने में परेशानी हो रही थी।
कार रुकवाकर दुकानदार से हुई बहस
जानकारी के अनुसार, कीमती लाल भगत काले रंग की कार में अवतार नगर की गली से गुजर रहे थे। रास्ते में झुके हुए पेड़ वाली दुकान के पास उनकी कार रुकती है। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि कार के अंदर से दुकानदार से कुछ बातचीत होती है। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो जाती है। बताया जा रहा है कि कीमती लाल भगत के साथ उनका गनमैन भी मौजूद था।
कार से उतरकर सामान फेंकने लगे कीमती लाल भगत
विवाद के दौरान कीमती लाल भगत खुद कार से बाहर आए। इसके बाद उन्होंने दुकान के बाहर रखा फेंकना शुरू कर दिया। उन्होंने गुस्से में कोल्ड ड्रिंक की पेटियां उठाकर सड़क पर फेंक दीं। इसके अलावा दुकान के बाहर रखे नमकीन के पैकेट और अन्य सामान भी सड़क पर बिखर गया। सड़क पर सामान फैलने के कारण कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई। बाद में मौके पर मौजूद लोगों ने सामान को हटाकर रास्ता साफ किया।
CCTV फुटेज सामने आने के बाद मामला चर्चा में
घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद यह मामला चर्चा में है। फुटेज में कार के दुकान के पास रुकने से लेकर विवाद और सामान सड़क पर बिखरने तक की गतिविधियां दिखाई दे रही हैं। फिलहाल विवाद की पूरी वजह और दोनों पक्षों की ओर से दी गई शिकायत को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।









