पंजाब-चंडीगढ़ में मानसून का जोर, कई जिलों में ऑरेंज-यलो अलर्ट; अगले 5 दिन बारिश के आसार

Monsoon intensifies in Punjab and Chandigarh; 'Orange' and 'Yellow' alerts issued for several districts; rain expected over the next 5 days.

पंजाब और चंडीगढ़ में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। लगातार हो रही बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने 29 जुलाई को भी कई जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार 30 जुलाई से 3 अगस्त तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।

3 डिग्री तक गिरा तापमान

बीते 24 घंटों में हुई बारिश का असर तापमान पर भी साफ दिखाई दिया। मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब के औसत अधिकतम तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जो सामान्य से 3.1 डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान में भी 0.5 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है।

चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.2 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 24.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से 2.2 डिग्री कम है। हालांकि बठिंडा प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इन इलाकों में हुई सबसे ज्यादा बारिश

पिछले 24 घंटों के दौरान पंजाब के कई जिलों में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई। सबसे अधिक वर्षा रूपनगर के श्री आनंदपुर साहिब में 81.5 मिमी और पठानकोट के थीन डैम क्षेत्र में 77.5 मिमी दर्ज हुई।

चंडीगढ़ में सुबह तक एयरपोर्ट पर 2 मिमी और शहर में 1.7 मिमी बारिश हुई। इसके बाद सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे के बीच एयरपोर्ट क्षेत्र में 58 मिमी और शहर में 45.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा मोहाली में 28.5 मिमी, पठानकोट (केवीके) में 27 मिमी, भटिंडा में 20 मिमी, भाखड़ा डैम में 34 मिमी, बलोवाल सौंखड़ी में 15.2 मिमी और लुधियाना में 13.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

मौसम विभाग की एडवाइजरी

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। विभाग ने चेतावनी दी है कि भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है और आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा है। ऐसे में अनावश्यक यात्रा से बचने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *