भाजपा के नेताओं को दोआबा से बड़ी ज़िम्मेदारी देने की सुगबुगाहट

ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब की राजनीति में एक बार फिर दोआबा क्षेत्र सियासी गलियारों के केंद्र में आ गया है। आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी राजनीतिक जमीन को और अधिक मजबूत करने के लिए एक बड़ी रणनीति तैयार की है। पार्टी का पूरा फोकस इस वक्त पंजाब के सबसे अहम हिस्सों में शुमार दोआबा क्षेत्र पर है, जहां जातीय और सामाजिक समीकरणों साधना चुनावों में जीत की चाबी माने जाते हैं।

जालंधर के दो बड़े नेताओं पर हाईकमान की विशेष नजर
सूत्रों से मिल रही जानकारी के मुताबिक भाजपा आलाकमान ने जालंधर शहर के दो कद्दावर और प्रभावशाली नेताओं को संगठन में बड़ी जिम्मेदारी सौंपने का मन बना लिया है। ये दोनों ही नेता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के बेहद करीबी माने जाते हैं और इनका अपने क्षेत्र में मजबूत जनाधार भी है। पार्टी नेतृत्व इन दोनों चेहरों को आगे लाकर जालंधर सहित पूरे दोआबा बेल्ट में अपनी पकड़ को और ज्यादा धारदार बनाना चाहती है।

वाराणसी दौरे पर एक नेता पहुंचे, दूसरे ने बनाई दूरी
इस पूरी राजनीतिक गतिविधि के बीच एक दिलचस्प घटनाक्रम भी सामने आया है। पार्टी द्वारा इन दोनों नेताओं को कल ही उत्तर प्रदेश के वाराणसी बुलाया गया था, जहां से संगठन स्तर पर इन्हें बड़ी जिम्मेदारी का ऐलान किया जाना है। हालांकि, चर्चा यह भी है कि बुलावा मिलने के बावजूद एक नेता वाराणसी नहीं जा सके, जबकि दूसरे नेता तय समय पर वाराणसी पहुंच गए हैं, जिन्हें पार्टी आज कोई बड़ा पद या जिम्मेदारी सौंप सकती है।

चुनावों से पहले भाजपा का बड़ा मास्टरस्ट्रोक
पंजाब में लगातार खुद को मजबूत विकल्प के रूप में स्थापित करने में जुटी भाजपा इस कदम को एक बड़े मास्टरस्ट्रोक के रूप में देख रही है। चुनावों से ठीक पहले पार्टी संगठन में इस तरह के फेरबदल और अहम जिम्मेदारियां देना इस बात का स्पष्ट संकेत है कि भाजपा इस बार चुनावी मैदान में अपनी पूरी ताकत झोंकने के मूड में है। पार्टी का मानना है कि जमीनी स्तर पर मजबूत पकड़ रखने वाले इन नेताओं के आने से कार्यकर्ताओं का मनोबल भी काफी ऊँचा होगा।

जल्द होगी आधिकारिक घोषणा, राजनीतिक सरगर्मी तेज
इन सियासी घटनाक्रमों के बाद से जालंधर और पूरे पंजाब के राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। दावा है कि पार्टी की ओर से इन नियुक्तियों और जिम्मेदारियों को लेकर आधिकारिक मुहर बहुत जल्द लगाई जा सकती है। जैसे-जैसे चुनावों की तारीखें नजदीक आ रही हैं, भाजपा का यह नया सियासी दांव आने वाले दिनों में राज्य की अन्य पार्टियों के लिए बड़ी चुनौती पेश कर सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *