कनाडा में वैंकूवर में 24 साल के भारतीय स्टूडेंट चिराग अंतिल की अज्ञात हमलावरों ने गोलियां मार दी। जिसमें उसकी मौत हो गई। पुलिस को इस घटना की जानकारी आस-पास के लोगों ने गोलियां चलने के बाद दी। जिसके बाद पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और कार से युवक का शव बरामद किया।
कार में बैठते ही हमलावरों ने गोली मारी
चिराग के रूममेट ने बताया कि वह 14 घंटे की शिफ्ट पूरी करने के बाद ऑफिस से घर पहुंचा था। इसके बाद उसने खाना खाया और घूमने के लिए बाहर निकला। वो जैसे ही अपनी कार में बैठा, किसी ने उसे गोली मार दी। हमें नहीं पता कि यह किसने और क्यों किया।
हरियाणा का रहने वाला था
चिराग भारत में हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला था। वह पढ़ाई के लिए साल 2022 में कनाडा गया था। उसने हाल ही में कनाडा की एक यूनिवर्सिटी से MBA का कोर्स पूरा किया था। इसके बाद उसे वहां पर वर्क परमिट मिल गया था। चिराग के साथ रुम शेयर करने वाले दोस्त ने उसके परिजनों की इसकी जानकारी दी।
परिवार ने शव भारत लाने की मांग की
घटना के पता चलने के बाद परिवार का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है। वहीं चिराग के परिजन उसके शव को भारत ले जाने के लिए क्लाउड फंडिंग के जरिए पैसे जुटा रहे हैं। उन्होंने कनाडा की सरकार से चिराग के शव को भारत भेजने के लिए मदद की अपील की है।