पंजाब-चंडीगढ़ में बदला मौसम, सुबह-शाम बढ़ी ठंडक, तापमान में गिरावट

Weather changes in Punjab and Chandigarh; chillier mornings and evenings, drop in temperature.

पंजाब और चंडीगढ़ में बारिश और पहाड़ों पर हुई बर्फबारी के बाद मौसम का मिजाज बदल गया है। तापमान में गिरावट के साथ उमस लगभग खत्म हो गई है। अब सुबह और शाम मौसम ठंडा महसूस हो रहा है, जबकि रात में भी ठंडक बढ़ गई है। हालांकि, मौसम विभाग के मुताबिक इसे अभी सर्दी की दस्तक कहना जल्दबाजी होगी।

पंजाब के औसत अधिकतम तापमान में 2.1 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। यह सामान्य से करीब 5.1 डिग्री नीचे पहुंच गया है। राज्य में सबसे अधिक तापमान बठिंडा में 31.2 डिग्री दर्ज हुआ। वहीं, चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री रहा, जो पंजाब के सभी जिलों से कम रहा। चंडीगढ़ के तापमान में 5.1 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई और यह सामान्य से 7.2 डिग्री नीचे रहा। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, सितंबर में पांच साल बाद चंडीगढ़ में इतनी ठंड दर्ज हुई है।

आज इन जिलों में बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार आज पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, रूपनगर, मोहाली और नवांशहर में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। चंडीगढ़ में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और एक-दो बार बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।

10 जिलों में हुई बारिश

28 सितंबर को पंजाब और चंडीगढ़ के 10 इलाकों में बारिश दर्ज की गई। होशियारपुर में सबसे ज्यादा 70 मिमी, जालंधर में 26.5 मिमी, पटियाला में 19.2 मिमी, चंडीगढ़ में 9.4 मिमी और मोहाली में 7.5 मिमी बारिश हुई। इसके अलावा पठानकोट में 3.5 मिमी, लुधियाना में 2 मिमी तथा कपूरथला, रूपनगर और संगरूर में 0.5-0.5 मिमी बारिश दर्ज की गई।

अब बारिश की संभावना कम

मौसम विभाग के मुताबिक अरब सागर में बना चक्रवाती परिसंचरण पंजाब पर ज्यादा असर नहीं डाल रहा है। अब उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने से हवा में नमी कम होगी और बादल बनने की संभावना भी घटेगी। हालांकि, कुछ इलाकों में हल्की बौछारें जारी रह सकती हैं।

मानसून की विदाई अंतिम चरण में

पंजाब और चंडीगढ़ से मानसून की वापसी जारी है। मानसून की वापसी रेखा गुरदासपुर और चंडीगढ़ से होकर गुजर रही है। वहीं, उत्तरी पाकिस्तान और उससे सटे जम्मू के ऊपर बना पश्चिमी विक्षोभ भी मौसम को प्रभावित कर रहा है। इसके आज आगे निकलने की संभावना है और उम्मीद है कि कल तक पंजाब-चंडीगढ़ से मानसून पूरी तरह विदा हो सकता है।

अक्टूबर में फिर बढ़ेगा दिन का तापमान

स्काईमेट के वाइस चेयरमैन महेश पलावत के अनुसार, बारिश के कारण मौसम में बदलाव जरूर आया है, लेकिन अभी इसे सर्दी की शुरुआत नहीं माना जा सकता। पहाड़ों पर बर्फबारी के चलते सुबह और शाम मौसम सुहावना रहेगा। अक्टूबर के पहले सप्ताह के बाद दिन का तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 24 डिग्री रह सकता है। अक्टूबर के मध्य से तापमान सामान्य होने लगेगा और उमस में भी कमी आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *