ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर वेस्ट हलके में स्कूल जा रहे दो बच्चों के साथ सड़क हादसे की घटना सामने आई है। आरोप है कि ऑटो चालक की लापरवाही के चलते दोनों बच्चे ऑटो की चपेट में आ गए। हादसे में बड़ी लड़की को चोटें आई हैं। घटना की CCTV फुटेज भी सामने आई है, जिसमें हादसे का पूरा घटनाक्रम दिखाई दे रहा है।
ऑटो के पास से गुजर रहे थे बच्चे
जानकारी के मुताबिक, दो बच्चे पैदल स्कूल जा रहे थे। इसी दौरान वे सड़क पर खड़े एक ऑटो के पास से गुजरे। बच्चों के कुछ कदम आगे निकलने के बाद ही ऑटो चालक ने वाहन चलाना शुरू कर दिया। आरोप है कि चालक ने बच्चों की ओर ध्यान नहीं दिया और दोनों ऑटो के नीचे आ गए।
ऑटो के टायर में फंसे बच्चे, लोगों ने निकाला बाहर
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। ऑटो चालक ने बच्चों को निकालने के लिए वाहन पीछे करने की कोशिश की, लेकिन दोनों बच्चे ऑटो के टायर में फंसे हुए थे। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। लोगों ने ऑटो को तिरछा कर बच्चों को बाहर निकाला। इस हादसे में लड़की को चोटें आई हैं।
CCTV फुटेज में कैद हुई घटना
हादसे की CCTV फुटेज में देखा जा सकता है कि दोनों बच्चे पैदल स्कूल जा रहे हैं। वे ऑटो के पास से गुजरते हैं और कुछ कदम आगे पहुंचते ही चालक ऑटो चलाना शुरू कर देता है। इसी दौरान दोनों बच्चे वाहन की चपेट में आ जाते हैं। फुटेज के आधार पर हादसे में ऑटो चालक की लापरवाही सामने आने का दावा किया जा रहा है।
ऑटो चालकों की लापरवाही पर उठे सवाल
इस घटना के बाद ऑटो चालकों की लापरवाही को लेकर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि कई बार चालक बिना आसपास देखे ऑटो मोड़ देते हैं या चलाना शुरू कर देते हैं, जिससे सड़क पर चल रहे लोगों और दूसरे वाहनों के लिए हादसे का खतरा बढ़ जाता है।








