पंजाब के अमृतसर से बड़ी खबर सामने आई है। श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के मौके पर SGPC के जत्थे के साथ पाकिस्तान गए सिख श्रद्धालुओं में से तीन लोगों के लापता होने की खबरें सामने आई थीं। इनमें अमृतसर के तेज नगर चौक निवासी सरदार बिक्रमजीत सिंह का नाम भी शामिल बताया जा रहा था। हालांकि, अब उनके बेटे ने इन खबरों को पूरी तरह अफवाह बताया है।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए बिक्रमजीत सिंह के बेटे चरणजीत सिंह ने कहा कि उनके पिता बिल्कुल सुरक्षित हैं और पाकिस्तान में जत्थे के साथ ही मौजूद हैं। कुछ समय पहले ही उनकी अपने पिता से फोन पर बात हुई है।
चरणजीत सिंह ने बताया कि उनके पिता के पास भारतीय मोबाइल नंबर है और वाई-फाई के जरिए परिवार से लगातार संपर्क बना हुआ है। जब उनके पिता को अपने लापता होने की खबरों के बारे में पता चला तो वह भी यह सुनकर परेशान हो गए।
परिवार के मुताबिक, बिक्रमजीत सिंह हर साल की तरह इस बार भी SGPC के जत्थे के साथ धार्मिक यात्रा पर पाकिस्तान गए हैं और जत्थे के साथ ही सुरक्षित भारत लौटेंगे।
वहीं, परिवार ने लोगों से अपील की है कि बिना पुष्टि के इस तरह की खबरें न फैलाएं, क्योंकि इससे परिवार के लोगों को बेवजह मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ता है।









